बिजली के सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं को शत प्रतिशत ब्याज और पेनल्टी में 31 दिसंबर तक छूट मिल सकेगी। इसके आदेश मिलने पर निगम की ओर से कार्य शुरू कर दिया है। डिफाल्टर उपभोक्ताओं को अंतिम मौका दिया जा रहा है। जयपुर डिस्कॉम के एसई वी सहाय ने बताया कि सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं जिनके कनेक्शन 31 दिसंबर 2023 से पहले कटे हुए हैं। उनको एमनेस्टी योजना के तहत राहत दी जा रही है। इसकी अंतिम तारीख 31 दिसंबर है। ऐसे उपभोक्ता को संपूर्ण मूल राशि एक मुश्त जमा कराने पर बिल में जुड़ी विलम्ब शुल्क ब्याज पर 100 फीसदी छूट प्रदान की जाएगी। यदि उपभोक्ता का मूल बिल से संबंधित कोई विवाद है और वह निस्तारण चाहता है तो उसे पहले संबंधित आंतरिक शिकायत निवारण प्रकोष्ठ में आवेदन करना होगा। संबंधित फोरम के निर्णयानुसार एमनेस्टी योजना का लाभ लिया जा सकता है। इसके लिए 28 दिसंबर को एसडीएम कार्यालय में विद्युत बिल सुधार शिविर लगाया जाएगा। बिजली विभाग को मिलेगा राजस्व
इस योजना के तहत एक ओर जहां उपभोक्ताओं के मामले निस्तारण किए जाएंगे। वहीं इस दौरान जमा होने वाली बकाया लाखों रुपए की राशि मिलने से बिजली विभाग को भी राजस्व की प्राप्ति होगी। साथ ही छीजत होने वाली बिजली में भी कमी आएगी, क्योंकि लंबे समय से कटे हुए विद्युत कनेक्शन उपभोक्ता चोरी छिपे बिजली का उपयोग कर रहे हैं।


