बीकानेर में कड़ाके की सर्दी का अभी भी इंतजार हो रहा है। दिसम्बर का अंतिम सप्ताह शुरू होने के बाद भी न्यूनतम तापमान अभी नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। वहीं सुबह का पारा 21 डिग्री सेल्सियस तक होने से लोगों को स्वेटर और जैकेट खोलने पड़ रहे हैं। बीकानेर में कड़ाके की सर्दी दिसम्बर के अंतिम सप्ताह तक पड़ने की उम्मीद थी लेकिन अभी इसका इंतजार है। बीकानेर के चूरू और श्रीगंगानगर से सटे क्षेत्र में सर्दी का असर ज्यादा है। यहां तापमान में भी बीकानेर शहर की तुलना में ज्यादा गिरावट है। सर्दी के कारण कोहरे के दर्शन भी श्रीडूंगरगढ़, महाजन व अरजनसर क्षेत्र में ही हो रहे हैं। बीकानेर शहर में सुबह छह- सात बजे तक हल्का कोहरा रहता है। मौसम विभाग ने बीकानेर में दिसम्बर के अंतिम सप्ताह में कोहरे की आशंका जताई थी। अब तक एक बार रिमझिम बारिश हुई है, जिसके बाद तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट मौसम विभाग की तापमापी में नहीं आई है। दिसम्बर के अंतिम दो-तीन दिन से सर्दी और बढ़ सकती है। बीकानेर में तापमान जनवरी के पहले सप्ताह तक पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे आने की उम्मीद की जा रही है। उधर, कोहरे के कारण श्रीडूंगरगढ़ और अरजनसर क्षेत्र में दृश्य क्षमता कम हो गई है और सड़क हादसों की आशंका बनी हुई है।


