भास्कर न्यूज|बालोद गोंदली जलाशय के पास स्थित दैहान जंगल में गुरुवार रात पुलिस और ग्रामीणों को देखकर मवेशी तस्कर भाग गए। पुलिस के अनुसार जब टीम जंगल में पहुंची तो तस्कर बाइक, सामान और बंधे हुए मवेशियों को छोड़कर मौके से फरार हो गए। 100 से ज्यादा मवेशियों को गौठान भिजवाया गया। प्रारंभिक जांच अनुसार तस्कर डौंडीलोहारा क्षेत्र से होकर सैकड़ों मवेशियों को बांध किनारे से ओडिशा ले जा रहे थे। इस दौरान कुछ युवकों की नजर मवेशियों पर पड़ी। तस्करी का संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने बताया कि सबसे पहले इन मवेशी तस्करों को बड़गांव के युवकों ने देखा था। जब युवकों को शक हुआ तो उन्होंने तस्करों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया और गाय ले जा रहे लोगों से यह पूछा कि वे कहां के हैं और मवेशियों को कहां ले जा रहे हैं। इस पर तस्करों ने बात को टालने की कोशिश किया और युवकों को चुप कराने के लिए 500 रुपए का नोट देने का प्रयास किया। ग्रामीणों के अनुसार मवेशियां लोहारा क्षेत्र से बड़गांव होते हुए गोंदली जलाशय के जंगल तक पहुंचाए गए थे। यहां से तस्कर दल्लीराजहरा प्रमुख मार्ग पार कर तांदुला जलाशय के जंगलों से होते हुए चारामा के रास्ते ओडिशा क्षेत्र में ले जाकर मवेशियों को कत्लखाने भेजते लेकिन इसके पहले पुलिस और ग्रामीण पहुंच गए। खेरथाडीह और दैहान के ग्रामीणों को जब मवेशी तस्करी की पुख्ता जानकारी मिली तो वे एकत्रित होकर पुलिस को सूचना दिया। आधी रात जंगल में पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस की मौजूदगी में टॉर्च की रोशनी और हलचल देखकर तस्कर मौके से फरार हो गए। मौके पर पुलिस को खाना बनाने के बर्तन, राशन सामग्री और एक बाइक मिली है।


