झारखंड में कमजोर हुआ मानसून:23-24 जुलाई को दक्षिणी-मध्य भाग में हो सकती है भारी बारिश, 9 जिलों में वज्रपात का अलर्ट

झारखंड में पिछले कुछ दिनों से सक्रिय मानसून अब कमजोर पड़ गया है। लगातार हो रही बारिश से फिलहाल लोगों को राहत मिली है, जिससे तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि संभव है। हालांकि, मौसम विभाग ने 19 से 22 जुलाई तक राज्य में कहीं-कहीं हल्की बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई है। वहीं 23 और 24 जुलाई को राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 9 जिलों में वज्रपात का अलर्ट, तेज हवाओं की संभावना मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के 9 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इन जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। शुक्रवार को सबसे ज्यादा बारिश रांची में 25 मिमी दर्ज की गई। पूर्वी सिंहभूम जिले में अब तक 1024.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है, जबकि सामान्य बारिश 408.9 मिमी मानी जाती है। वज्रपात से 10 लोगों की मौत, 19 घायल शुक्रवार को वज्रपात ने पूरे राज्य में कहर बरपाया। अलग-अलग जिलों में बिजली गिरने की घटनाओं में 10 लोगों की जान चली गई, जबकि 19 लोग घायल हुए हैं। गिरिडीह के तिसरी प्रखंड के कटकोको गांव में रमेश टुडू (38 वर्ष) की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। वहीं चांडिल के नीमडीह के बामनी गांव में भूदेव महतो (61 वर्ष), बालूमाथ के झाबर गांव के आनंद उरांव, गुमला के घाघरा के नाथपुर गांव के भैयाराम उरांव (67 वर्ष) और रांची के अनगड़ा की सीता देवी (44 वर्ष) की भी मौत वज्रपात से हो गई। सीता देवी की बेटी आशा कुमारी (22 वर्ष) झुलस गई हैं। राज्य भर में हुई छिटपुट बारिश बीते 24 घंटे में चतरा में सबसे अधिक 132 मिमी वर्षा दर्ज की गई। साहिबगंज के बोरियो में 107 मिमी, धुरकी में 75.5 मिमी, जपला में 73.6 मिमी, सुजानी में 69 मिमी, पूर्वी सिंहभूम में 65.4 मिमी, दुमका में 52.6 मिमी, पलामू में 45.5 मिमी, जामताड़ा में 38.8 मिमी, गोड्डा में 28 मिमी और कोडरमा में 19.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रांची में केवल 3.9 मिमी बारिश हुई। तापमान सामान्य, धूप निकलने से मिल सकती है राहत लगातार बारिश के कारण राज्य में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। रांची का अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले 24 घंटे में दो डिग्री अधिक था। जमशेदपुर में सबसे अधिक 35.1 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में सबसे कम 28.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश की कमी और धूप निकलने से मौसम सुहावना हो सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *