कन्नौज के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर कस्बे में बीती रात एक घर के अंदर जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर घर के लोग और पड़ोसी दहशत में आ गए। जब कमरे में जाकर देखा तो वहां आग और धुआं फैला हुआ था। पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कमरे में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। फ्रीजर में विस्फोट से हुआ हादसा
घर के मालिक मुजम्मिल ने बताया कि रात में परिवार के सभी लोग सो रहे थे। अचानक धमाके की आवाज आई। पहले तो लगा कि छत से कोई भारी चीज गिरी है, लेकिन जब धुएं का अहसास हुआ तो दूसरे कमरे में जाकर देखा। वहां फ्रीजर जला हुआ पड़ा था और आग ने पूरे कमरे को चपेट में ले लिया था। 65 हजार नकदी समेत जेवर-कपड़े राख
आग इतनी तेजी से फैली कि कमरे में रखा सामान बचाया नहीं जा सका। मुजम्मिल ने बताया कि आग से करीब 65 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और कपड़े जल गए। हालांकि, गनीमत यह रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। पड़ोसियों ने बुझाई आग
धमाके और शोर-शराबे के बाद पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक नुकसान हो चुका था। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है, और मामले की जांच जारी है।


