बोकारो के फुसरो में तैनात और जामताड़ा के मिहिजाम निवासी CISF जवान सुनील पासवान की हत्या के 84 दिन बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जवान की हत्या के मामले में जामताड़ा के मिहिजाम से कुख्यात अपराधी राहुल गुप्ता उर्फ मुर्गी को गिरफ्तार किया गया है। हत्या की यह वारदात 23 अप्रैल को झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा पर स्थित डोमदहा में हुई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। अब रूपनारायणपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के घर से घटना के दिन पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। शराब पीने के विवाद में ली गई जान पुलिस की जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन डोमदहा में सुनील पासवान की जमीन पर राहुल गुप्ता उर्फ मुर्गी और उसके साथी शराब पी रहे थे। जब सुनील ने इसका विरोध किया तो बहस बढ़ गई और इसी दौरान उसे गोली मार दी गई। पुलिस ने बताया कि यह गैंग बेहद शातिर है और अपराध के बाद खुद की पहचान छुपाने के लिए हुलिया बदल लेता है। गैंग के सदस्य पकड़े जाने से बचने के लिए दाढ़ी और बाल मुंडवाकर अलग लुक में घूमते हैं। लंबे आपराधिक इतिहास वाला मुर्गी गिरफ्तार आरोपी मुर्गी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। 12 अगस्त 2024 को वह असम राइफल्स के जवान ओमप्रकाश भारती से लूटपाट के मामले में जेल जा चुका है। इसके अलावा, 30 जनवरी को मिहिजाम में केटरिंग कर्मी राहुल सिंह की हत्या के मामले में एक महीने पहले ही उसने कोर्ट में सरेंडर किया था। इतना ही नहीं, 6 मार्च को विनय यादव पर गोली चलाने की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। मुख्य सरगना युवराज यादव अब भी फरार रूपनारायणपुर थाना प्रभारी अरुणभ भट्टाचार्य ने बताया कि इस पूरे गिरोह का सरगना युवराज यादव अभी भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि पूरे गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


