केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल प्रदेश में भू-भू जोत टनल परियोजना के लिए 1 हजार 831.97 करोड़ रुपए की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को मंजूरी दी है। इस परियोजना से कुल्लू, मंडी और कांगड़ा जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। हिमाचल प्रदेश के भाजपा नेता महेश्वर सिंह ने इस निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह टनल प्रदेश के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में यातायात को सुगम बनाएगी। इससे क्षेत्र में आर्थिक, सामरिक, सामाजिक और पर्यटन विकास को बढ़ावा मिलेगा। कांग्रेस पर निशाना साधा महेश्वर सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग हर काम का श्रेय लेने की होड़ में लगे हैं। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि केंद्र में उनकी सरकार के दौरान हिमाचल को कोई बड़ी परियोजना नहीं मिली। सोशल मीडिया पर फोटो खिंचवाने तक सीमित पार्टी उन्होंने राज्य की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि वह केवल सोशल मीडिया पर फोटो खिंचवाने तक सीमित है। जबकि मोदी सरकार प्रदेश में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रही है। उन्होंने जनता से प्रदेश की प्रगति के लिए वास्तविक नेतृत्व को समर्थन देने का आग्रह किया। परियोजना के लिए किया संघर्ष
महेश्वर सिंह ने बताया कि भू-भू जोत टनल परियोजना के लिए उन्होंने लगातार कई वर्षों तक लगातार प्रयास, दस्तावेजी संवाद और वास्तविक प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनके पास उपलब्ध संबंधित दस्तावेजों और मंत्रालय के रिकॉर्ड्स से इसकी पुष्टि की जा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी को संदेह है, तो वे अपने पूर्व में किए गए सभी पत्राचार एवं दस्तावेजों को सार्वजनिक मंच पर प्रस्तुत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। पीएम और नितिन गडकरी का जताया आभार अंत में, महेश्वर सिंह ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का हृदय से अभिनंदन और धन्यवाद किया, जिनके दूरदर्शी निर्णय और संवेदनशील नेतृत्व के कारण क्षेत्र के लोगों का वर्षों पुराना सपना “भू-भू जोत टनल का निर्माण” साकार होने जा रहा है।