हिमाचल प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी में आपदा प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने सराज विधानसभा क्षेत्र के आपदाग्रस्त छतरी का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर राहत सामग्री वितरित की। जयराम ठाकुर ने कहा कि छतरी में आपदा से उपजाऊ भूमि, सड़कें और मकानों को भारी नुकसान हुआ है। 30 जून की आपदा ने क्षेत्र के विकास को 30 साल पीछे धकेल दिया है। उन्होंने बताया कि 30 साल पहले जब नदी-नालों पर पुल नहीं थे, तब लकड़ी के अस्थाई पुल (डिफी) से आवाजाही होता था। आज फिर वही स्थिति है। सेब की फसल तैयार, सड़कें बंद होने से किसानों को चिंता- जयराम ठाकुर
ठाकुर ने कहा कि छतरी क्षेत्र में सेब की फसल तैयार है, लेकिन सड़कें बंद होने से किसानों को चिंता है। प्रशासन मुख्य सड़कों की बहाली में जुटा है। लिंक रोड्स के ठीक न होने तक सेब को मंडी तक पहुंचाना मुश्किल है। ठाकुर ने कहा कि अगर समय पर सेब मंडी नहीं पहुंचा तो बागवानों को भारी नुकसान होगा। नेता प्रतिपक्ष ने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नुकसान की भरपाई मुश्किल है, लेकिन हौसला नहीं हारेंगे। दिन-रात मेहनत कर पहले से बेहतर स्थिति बनाएंगे।