भास्कर न्यूज | जालंधर पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सत्र 2025-26 के लिए ऑनलाइन एफिलिएशन केस और नए एफिलिएशन के लिए फीस का शेड्यूल जारी किया है। स्कूल 15 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन और सीनियर सेकेंडरी पहले ग्रुप के लिए फीस 1.50 लाख रुपए तय की गई है। इस पर 18 फीसदी जीएसटी अलग से लगेगा। सीनियर सेकेंडरी के अतिरिक्त ग्रुप के लिए प्रति ग्रुप 50 हजार रुपए + 18 फीसदी जीएसटी देना होगा। इसके लिए जारी किए गए नए नियमों में कहा गया है कि में नए एफिलिएशन की मान्यता तीन साल के लिए दी जाएगी। इसके बाद तीसरे साल के सत्र की शुरुआत में एफिलिएशन बढ़वाने के लिए 50 हजार रुपए + 18% जीएसटी फीस के साथ आवेदन करना होगा। वहीं, अतिरिक्त सेक्शन लेने के लिए भी स्कूल 15 सितंबर तक आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए 50 हजार रुपए फीस तय की गई है। संबंधित संस्थाओं का निरीक्षण करवाने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। सालाना प्रगति रिपोर्ट जमा करवाने के लिए 1 सितंबर से 30 सितंबर तक 50 हजार रुपए एकमुश्त फीस ली जाएगी। 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक जमा करवाने पर 20 हजार रुपए लेट फीस के साथ कुल 70 हजार रुपए देने होंगे।वहीं इसके साथ ही जिन संस्थाओं ने पहले से एकमुश्त, तीन साल की या 12 साल की फीस जमा करवा दी है, उन्हें भी सालाना प्रगति रिपोर्ट के दस्तावेज तय शेड्यूल के अनुसार जमा करवाने होंगे। इनके लिए 1 से 30 सितंबर तक बिना लेट फीस और 1 से 15 अक्टूबर तक 20 हजार रुपए लेट फीस के साथ दस्तावेज जमा किए जा सकते हैं।


