छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आज रविवार को स्वामी आत्मानंद स्कूलों के संविदा शिक्षक और कर्मचारियों ने सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। रणजीता स्टेडियम के पास छत्तीसगढ़ स्वामी आत्मानंद संविदा शिक्षक संघ के बैनर तेल धरना दिया गया। साथ ही 10 दिनों के भीतर मांग पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी। दरअसल, प्रदर्शनकारियों की दो प्रमुख मांगें हैं। पहली मांग नियमित वेतनमान निर्धारण और वेतन वृद्धि है। दूसरी मांग शिक्षा विभाग में संविलियन और नियमितीकरण की है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष दुर्योधन यादव ने बताया कि रविवार को धरना रखा गया, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि सालों की सेवा के बाद भी उन्हें स्थायित्व और उचित वेतनमान नहीं मिला है। सरकार की ओर से मांगों की अनदेखी के कारण वे आंदोलन के लिए मजबूर हैं। शिक्षक संघ ने सरकार को 10 दिन का समय दिया है। अगर इस अवधि में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 1 अगस्त से तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी धरना होगा। जिसमें पूरे प्रदेश के स्वामी आत्मानंद विद्यालयों के शिक्षक शामिल होंगे।


