बालोद में लगाए गए 1.74 लाख पौधे:’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने देखभाल की शपथ दिलाई

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जिलेभर में 1 लाख 74 हजार पौधे लगाए गए। इस अभिनव प्रयास को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जनभागीदारी से गढ़ी गई प्रेरणादायी मिसाल बताया। कार्यक्रम का आयोजन संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में किया गया था। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कार्यक्रम को आने वाली पीढ़ी के लिए अमूल्य धरोहर करार दिया। उन्होंने कहा कि बालोद जिला प्रशासन की यह पहल सामूहिक संकल्प और समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने विशेष रूप से माताओं और बहनों की भागीदारी की सराहना की और कहा कि जब महिलाएं किसी संकल्प को अपना लेती हैं तो उसे पूरा कर के ही रहती हैं। पूरे जिले से वेब एक्स से जुड़ा आयोजन कार्यक्रम को जिले के सभी 5 ब्लॉक, 2 नगर पालिकाओं और 7 नगर पंचायतों से वेब एक्स और सोशल मीडिया के माध्यम से जोड़ा गया। उप मुख्यमंत्री ने इन क्षेत्रों से जुड़े पर्यावरण सेवियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने पिछले साल रोपे गए अपने नीम के पौधे को बड़ा होते देख गर्व व्यक्त किया और सभी को पौधों की सुरक्षा और देखभाल की शपथ दिलाई। जल संरक्षण के साथ पर्यावरण का समन्वय कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने बताया कि यह अभियान सिर्फ पौधे लगाने तक सीमित नहीं है। इसके संरक्षण की सतत निगरानी की जाएगी। उन्होंने जल जतन अभियान के तहत बालोद जिले की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि साल 2023-24 की रिपोर्ट के अनुसार गुरूर ब्लॉक क्रिटिकल जल क्षेत्र में आ गया है। जिसे ध्यान में रखते हुए वृक्षारोपण और जल संरक्षण के प्रयास तेज किए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *