ED की कार्रवाई…OP चौधरी बोले-कांग्रेस ने जनता के पैसे खाए:वित्तमंत्री ने कहा-जांच होने पर लगा रहे बेबुनियाद आरोप, सारंगढ़ में किया कार्यालयों का लोकार्पण

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रविवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया में तहसील कार्यालय, नवीन उप पंजीयक कार्यालय और अटल परिसर का लोकार्पण किया। मीडिया से बातचीत करते हुए ED कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस अनर्गल आरोप लगा रही है। कांग्रेस ने जनता के हजारों-करोड़ों रुपए खाए हैं। जांच होने पर वे बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। इन लोगों को जमानत तक नहीं मिल पा रही है। लोकापर्ण कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने तहसील कार्यालय के मुख्य द्वार पर वृक्षारोपण किया। उन्होंने चौक पर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। मंगल भवन में आयोजित सभा में उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेरा आईएएस की नौकरी छोड़कर राजनीति में आने का मकसद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। भ्रष्टाचार को मैं बर्दाश्त नहीं करता- ओपी चौधरी वित्त मंत्री ने कहा कि कोई भी काम, उसके स्वीकृति, टेंडर, कार्य प्रारंभ, रुकावट आदि के संबंध में हमेशा जानकारी लेते रहने से और मेहनत कर सभी रुकावट को दूर करने से होता है। काम में किसी भी प्रकार की कमीशन, भ्रष्टाचार को मैं बर्दाश्त नहीं करता। मैं जीवन भर आपके लिए समर्पित भाव से कार्य करूंगा, जिसमें आप सभी का सहयोग की जरूरत है। उन्होंने उप पंजीयक शारदा सिदार को भ्रष्टाचारमुक्त सेवा देने के लिए कहा। सरकार की उपलब्धियों को गिनाया सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए वित्त मंत्री ने बताया कि 13 दिसंबर को सत्ता में आने के बाद 25 दिसंबर को किसानों को दो साल का बकाया बोनस दिया गया। किसानों को धान खरीदी का पहले साल 13 हजार करोड़ और दूसरे साल 12 हजार करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। महिलाओं को महतारी वंदन योजना की राशि हर महीने दी जा रही है। किसानों की मांग पर खोला गया अपेक्स बैंक सरिया के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की मांग पर अपेक्स बैंक खोला गया है। रजिस्ट्री कार्यालय की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। 100 बिस्तर वाले अस्पताल का निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरिया में केवल स्थानीय विकास कार्य ही किए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *