छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के संविदा शिक्षक और कर्मचारियों ने 20 जुलाई को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। धरना संघ के प्रदेश अध्यक्ष दुर्योधन यादव के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। बस्तर संभाग अध्यक्ष राहुल कुमार पांडेय, कोंडागांव जिला अध्यक्ष प्रकर्ष राव पत्की और जिला सचिव यशवंत चौहान ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष ऋषिदेव सिंह भी धरने में शामिल हुए। शिक्षकों ने की ये दो मांग शिक्षकों की दो प्रमुख मांगें हैं। पहली, नियमित वेतन वृद्धि और वेतनमान निर्धारण। शिक्षकों का कहना है कि वे कई वर्षों से पूर्णकालिक सेवाएं दे रहे हैं। लेकिन न तो उन्हें वेतनमान मिला है और न ही वार्षिक वेतनवृद्धि। दूसरी मांग शिक्षा विभाग में समावेशन और नियमितीकरण की है। पूर्व शिक्षा मंत्री और वर्तमान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस मांग को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था। संघ ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो 1 अगस्त 2025 से राजधानी रायपुर में प्रदेश स्तरीय अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। इस धरने में पूरे छत्तीसगढ़ के शिक्षक-कर्मचारी शामिल होंगे। संघ ने सरकार से अपील की है कि शिक्षकों की न्यायसंगत मांगों पर विचार करे और समाधान के लिए ठोस कदम उठाए।


