लोहरदगा | झारखंड राज्य दफादार चौकीदार पंचायत, लोहरदगा जिला इकाई ने संगठन के संस्थापक और पूर्व सांसद राम अवधेश सिंह की 5वीं पुण्यतिथि कुड़ू बहुउद्देशीय भवन में महा परिनिर्वाण दिवस के रूप में मनाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण दयाल सिंह ने की। राम अवधेश सिंह की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। मुख्य अतिथि कृष्ण दयाल सिंह ने बताया कि राम अवधेश सिंह ने 23 मार्च 1967 को बिहार राज्य दफादार चौकीदार पंचायत की स्थापना की थी। उन्होंने चौकीदारों के हक के लिए जीवनभर संघर्ष किया। झारखंड अलग होने के बाद इसी संगठन को झारखंड राज्य दफादार चौकीदार पंचायत के नाम से पुनर्गठित किया गया। जिला अध्यक्ष शमशूल अंसारी ने कहा कि राम अवधेश सिंह के प्रयासों से चौकीदारों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा मिला। उनके कारण झारखंड सरकार ने चौकीदारों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्त करना शुरू किया। यह प्रक्रिया 1990 से जारी रही। हाल के वर्षों में हाईकोर्ट के आदेश के बाद बहाली पर रोक लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोहरदगा को छोड़कर अन्य जिलों में सरकार ने नियमों को नजरअंदाज कर नियुक्तियां की हैं, जो गलत है। प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण दयाल सिंह ने चेतावनी दी कि यदि चौकीदारों के हितों की अनदेखी जारी रही, तो संगठन राज्यव्यापी आंदोलन करेगा। इस मौके पर राज्य के संयुक्त सचिव निजावत अंसारी, जिला सचिव मिथिलेश यादव, राजू कुमार राम, सफेदा खातून, पूनम उरांव, रवीर देवी, सेरा उरांव, दुर्गा महली, सुजीत उरांव, मालती देवी, हाजी हकीमुल, क्लेसर महतो, बरसा उरांव, कमल उरांव, देवेन्द्र उरांव, कर्मा उरांव सहित कई लोग मौजूद थे।


