डीग जिले के पहाड़ी थाना इलाके में 23 दिसंबर को किडनैप हुई नाबालिग को 2 दिन बाद दस्तयाब किया गया था। आज गिरफ्तार हुए आरोपियों को लेकर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान दो आरोपी पुलिस का सहारा लेकर चलते हुए नजर आये। पुलिस की गिरफ्त से भागते समय दोनों आरोपियों के पैरों में चोट आई थी। 23 दिसंबर को नाबालिग 10वीं क्लास का पेपर देकर जैसे ही स्कूल से निकली तो, नाबालिग के ससुराल वालों ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर नाबालिग का किडनैप कर लिया। यह पूरी घटना पास के ही पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन पुलिस की टीमों का गठन किया गया। आरोपियों को पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश दी गई। 25 दिसंबर को पुलिस को सूचना मिली की आरोपी नाबालिग को अलवर के किशनगढ़बास में छुपे हुए हैं। जिसके बाद पुलिस की टीमों ने सिविल ड्रेस में गली-गली घूम कर आरोपियों की तलाश की जैसे ही पुलिस को आरोपियों का सुराग लगा तो, पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से नाबालिग को छुड़ा लिया गया। पुलिस के कब्जे से भागने की कोशिश करने पर 2 आरोपियों के पैरों में चोटें आई थी। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था। आज तीनों आरोपियों को अस्पताल से लाया गया। जिसके बाद तीनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाया और पूरी घटना के बारे में पूछताछ की गई। इस दौरान दो आरोपियों के पैरों में चोट लगने के कारण पुलिसकर्मियों के सहारे से चलते हुए नजर आये। इनपुट- पुष्पेंद्र पाठक, पहाड़ी, डीग


