बैठने के लिए लगेंगे बेंच, लोगों के लिए होगा आकर्षण का केंद्र, जल्द निकाला जाएगा टेंडर

भास्कर न्यूज|गुमला पर्यावरण का संरक्षण हमारे जीवन और स्वास्थ्य दोनों के लिए जरूरी है। इसी कड़ी में पेड़-पौधों के महत्व से लोगों को अवगत कराने के अलावे गुमला को खूबसूरत कलेवर देने की योजना नगर परिषद ने बनाई है। रांची सहित अन्य बड़े शहरों की तर्ज पर आर्टिफिशियल ग्रास के ग्रॉफिक्स से सुसज्जित ग्रीन जोन एरिया को डेवलप करने का प्लान है। जिसके तहत शहर के जशपुर रोड स्थित एनएच से सब्जी विक्रेताओं को हटाने के बाद अब उस एरिया को ग्रीन जोन के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि लोगों को शुद्ध वातावरण मिल सके और लोग फुर्सत के पल वहां बिता सकें। साज-सज्जा के लिए पहले पूरे परिसर की घेराबंदी की जाएगी। उसके बाद उसे ग्रीन एरिया के रूप में डेवलप करते हुए सेल्फी प्वाईंट का निर्माण किया जाएगा। साथ ही रंग-बिरंगी लाइटिंग से उसे सुसज्जित किया जाएगा। बैठने के लिए बेंच स्थापित किया जाएगा। जिससे की शहर की सुंदरता बढ़ें और यह शहरवासियों को आकर्षित करें। लोग सुबह-शाम के समय वॉक कर यहां ठहर सकें। खुद की सेल्फी ले सकें। फिलहाल घेराबंदी के लिए प्रकिया तेज है। हाल के दिनों में टेंडर निकाला जाएगा। उसके बाद दूसरे चरण में इस मार्ग को ग्रीन एरिया के कलेवर में ढाला जाएगा। नप का मानना है कि इससे शहर की रौनक बढ़ेगी। साथ ही यह गुमला के लिए अनोखा पहल साबित होगा। जो युवाओं के अलावे हर उम्र के लोगों का मन मोहेगा। लोग हरियाली के बीच यहां सेल्फी लेने व वीडियो शूट करने के साथ ही पर्यावरण के महत्व को समझ पाएंगे। स्थानीय लोगों को यह पहल भाएगा। मालूम हो कि कुछ समय पहले यहां सब्जी मार्केट लगे रहने के कारण जाम की समस्या और हादसों की संभावना बनी रहती थी। जब से दुकानें हटाई गई है। यहां पर जाम का नजारा नहीं दिखता है। जिस कारण लोगों की भी मांग है कि जल्द ही बेहतर प्लानिंग से इस स्थल को सजाया-संवारा जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *