सावन की दूसरी सोमवारी और एकादशी के पावन संयोग पर सोमवार को देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। देशभर से आए लाखों श्रद्धालुओं और कांवरियों ने बाबा भोलेनाथ को जल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह 3 बजे मंदिर का पट विधिवत रूप से खोला गया। इसके बाद सरदार पंडा द्वारा कांचा जल चढ़ाकर सरदारी पूजा संपन्न की गई। ठीक 4:17 बजे से आम श्रद्धालुओं के लिए जलार्पण की प्रक्रिया शुरू हुई। बाबा मंदिर के बाहर स्थापित विशेष अरघा के माध्यम से कांवरिया भक्त जल अर्पित कर रहे हैं। सोमवारी और एकादशी का है संयोग मंदिर के पुरोहितों ने बताया कि सोमवारी और एकादशी का योग विशेष फलदायी माना जाता है, इसलिए इस बार श्रद्धालुओं की भीड़ पहले से अधिक देखी जा रही है। देवघर के उपायुक्त ने जानकारी दी कि सावन की दूसरी सोमवारी पर लगभग तीन लाख कांवरियों के आगमन का अनुमान लगाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, शौचालय सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हैं। कांवरियों को व्यवस्थित कतारों में मंदिर के गर्भगृह तक प्रवेश कराया जा रहा है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। सर्वोत्तम मास है सावन श्रद्धालुओं का मानना है कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए सर्वोत्तम है। सोमवारी के दिन जलार्पण से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि लाखों की संख्या में भक्त बाबा धाम पहुंचकर जलार्पण कर रहे हैं और ‘बोल बम’ के जयघोष से देवघर गूंज उठा है।


