छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में मंगलवार को कांग्रेसी बड़ा आंदोलन करने की तैयारी में है। प्रदेश के पूर्व CM भूपेश बघेल के बेटे पर ED द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर यह विरोध प्रदर्शन होगा। जिसमें कांग्रेस नेता कोतरा रोड ओवरब्रिज के पास 2 घंटे के लिए आर्थिक नाकेबंदी करेंगे। कांग्रेस द्वारा प्रदेश भर में ED के इस कार्रवाई को लेकर 22 जुलाई को विरोध प्रदर्शन किए जाने का एलान किया गया था। जिसे लेकर रायगढ़ में भी विरोध प्रदर्शन के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिले में कांग्रेस के सभी नेताओ व कार्यकर्ताओं को आंदोलन में शामिल होने कहा गया है। ऐसे में इस आंदोलन में खरसिया, लैलूंगा, धरमजयगढ़ के कांग्रेस विधायक शामिल हो सकते हैं। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने बताया कि मंगलवार की दोपहर 12 बजे से कोतरा रोड ओवर ब्रिज के पास 2 बजे तक आर्थिक नाकेबंदी करते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
आम नागरिको को नहीं होगी परेशानी
कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी ने बताया कि आर्थिक नाकेबंदी करते हुए मालवाहक और ट्रक, डंफरो को रोका जाएगा। इस दौरान किसी भी आम नागरिको को परेशानी नहीं होगी। जिले के सभी कांग्रेस विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को आंदोलन में शामिल होने कहा जा रहा है। तकरीबन 100 से अधिक कांग्रेसियों के द्वारा यह आंदोलन किया जाएगा।


