राजनांदगांव में सावन के दूसरे सोमवार को शिव भक्तों ने विशेष पूजा-अर्चना की। कांवड़िए शिवनाथ नदी से जल लेकर विभिन्न शिवालयों में पहुंचे और जलाभिषेक किया। साथ ही श्रद्धालु शीतला मां मंदिर, बर्फानी दादा आश्रम और मां पाताल भैरवी मंदिर में स्थित भगवान शिव की विशाल प्रतिमा सहित 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने पहुंचे रहे हैं। शिवनाथ नदी तट स्थित शिव मंदिर, इंदिरा सरोवर स्थित शिव मंदिर और बीएनसी मिलचल स्थित श्रीमानस मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। सिंघोला स्थित चंद्रमौलेश्वर मंदिर में भी कांवरियों ने जलाभिषेक किया। भक्त पवन डागा के अनुसार, प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इस दिन का विशेष महत्व है, क्योंकि सावन के सोमवार के साथ कामिका एकादशी का संयोग भी बना। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन का सोमवार भगवान शिव को और एकादशी भगवान विष्णु को प्रिय है। इस दिन दोनों देवताओं की कृपा प्राप्त होती है। सुबह से ही कांवरिए जल लेकर विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक कर रहे हैं।


