हजारीबाग में डायन का आरोप लगा एक विधवा महिला को काफी प्रताड़ित किया गया। उसे निर्वस्त्र करके पीटा गया और शरीर के कई हिस्सों में ब्लेड से काटा गया। आरोपियों ने गयाजी के प्रेतशिला ले जाकर महिला का सिर भी मुंडवाया। घटना बरही थाना क्षेत्र के जबरिया गांव की है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सोमवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता ने रविवार की रात बरही थाने में आवेदन देकर इससे संबंधित शिकायत दर्ज कराई थी। घर में घुस महिला के साथ की गई मारपीट बरही थाना को दिए गए आवेदन के अनुसार, गांव के ही सात लोग शुक्रवार की रात महिला के घर में घुसे और उस पर डायन का आरोप लगा उसे निर्वस्त्र कर दिया। इसके बाद महिला के साथ मारपीट की गई। उसके शरीर के विभिन्न हिस्से को ब्लेड से काट कर खून निकला गया। महिला से 80 हजार रुपए की मांग की गई पीड़िता के अनुसार, सातों आरोपी उसके रिश्तेदार हैं। बर्बरता का यह दौर रात 10 बजे से शनिवार की सुबह लगभग 3 बजे बजे तक चला। आरोपियों ने गयाजी स्थित प्रेतशिला ले जाकर विधवा महिला का सिर मुड़वा कर उसके साथ दोबारा मारपीट की। इसके अलावा पीड़िता से 80 हजार रुपए की मांग की गई। शनिवार की रात लगभग 10 बजे उसे बरही बाजार में लाकर छोड़ दिया गया, जिसके बाद विधवा महिला अपने घर पहुंची। इसके बाद अपने बेटे के साथ विधवा महिला ने थाने में जाकर आरोपियों के खिलाफ आवेदन दिया। पूरे मामले में जांच जारी है। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। एक आरोपी शंभू यादव को पकड़ कर जेल भेज दिया गया है। बाकि आरोपियों की तलाश जारी है। -आभाष कुमार, बरही थाना प्रभारी


