लाहौल स्पीति में बर्फ पड़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों सहित घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की। पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने कहा है कि जिला लाहौल एवं स्पीति में बर्फबारी शुरू हो गई है, जिससे रास्तों पर सफर करना जोखिम भरा हो सकता है। जिला पुलिस आमजन से अपील करती है कि बर्फबारी के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से बचे और अपने सुरक्षित स्थान पर रहें। मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाए और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी अपने पास रखें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जिला पुलिस द्वारा जारी किए गए नंबर पर संपर्क करें। रोहतांग में 6 इंच से ज्यादा बर्फबारी
बर्फबारी के दौरान सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं और दृश्यता भी कम हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। लाहौल की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं सहित निचले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई है। जिस्पा में अभी तक 2 इंच से ज्यादा ताजा बर्फ पड़ चुकी है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल रोहतांग में भी बर्फ पड़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। यहां 6 इंच से ज्यादा ताजा बर्फबारी हो चुकी है। कुल्लू की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं पर भी बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। चंद्रखनी जोत सहित काथी के रदार की ऊंची श्रृंखलाओं पर बर्फबारी शुरू हो गई है।


