घाटशिला| उपायुक्त कार्यालय कक्ष में जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के सामने लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सामाजिक समस्याएं रखीं। शिकायतें सड़क मरम्मत, भूमि विवाद, म्यूटेशन में देरी, योग शिक्षक की नियुक्ति, पारिवारिक विवाद, नौकरी, अनुकंपा नियुक्ति, आवासीय प्रमाण पत्र, नाली जाम, लंबित पेंशन और वेतन भुगतान से जुड़ी थीं। कुछ लोगों ने विधवा और दिव्यांग पेंशन से वंचित रहने की बात कही। लेबर कोर्ट में लंबित मामलों की सुनवाई में देरी, अतिक्रमण, ऑनलाइन लगान जमा में तकनीकी दिक्कतें, चौकीदार नियुक्ति की दूसरी सूची की मांग, मेडिकल सहायता, बिल्डर के खिलाफ शिकायत और एफआईआर दर्ज न होने की शिकायतें भी आईं। विस्थापित परिवारों की समस्या, ट्रांसजेंडर समुदाय से जुड़े मुद्दे, मंईयां सम्मान योजना का लाभ और देशी शराब दुकान बंद करने की मांग से जुड़े ज्ञापन भी सौंपे गए। महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों और ग्रामीण युवाओं ने खुलकर अपनी बात रखी। कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों ने पूछताछ कर कार्रवाई शुरू की। गंभीर मामलों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को सौंपा गया। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को औपचारिकता न मानें। संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से समाधान करें। उन्होंने कहा, जन शिकायत निवारण दिवस का मकसद प्रशासन और जनता के बीच भरोसे का पुल बनाना है। हर नागरिक की बात सुनी जाए और समय पर समाधान हो। खड़गपुर | पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत दांतन थाना के सुलेमानपुर इलाके में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उसका शव पुलिस ने उसके कमरे से फंदे से लटकते हुये अवस्था में बरामद किया। स्थानीय व पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतका का नाम किरण सामंत (48 वर्ष )है। मृतका के परिजनों ने सर्वप्रथम शव को कमरे में फंदे से लटकते हुए देखा था।घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी।पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। समाचार लिखे जाने तक मौत का कारण मालूम ना हो सका। वहीं मृतका के परिजनों का कहना है कि वह पिछले कई दिनों से मानसिक रोग से ग्रस्त थी।पुलिस घटना की जांच कर रही है।


