भास्कर न्यूज| राजनगर पूर्व मुख्यमंत्री व विधायक चंपाई सोरेन ने मंगलवार को राजनगर प्रखंड की कटांगा पंचायत अंतर्गत भुरकुली गांव का दौरा किया। गांव पहुंचकर उन्होंने हाल ही में भारी बारिश के कारण टूट चुके सुरेश लोहार के कच्चे मकान का निरीक्षण किया। घर की जर्जर हालत देख उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और तत्काल अपनी ओर से आर्थिक सहयोग प्रदान किया। जिससे पीड़ित परिवार को राहत मिली। इस अवसर पर चंपाई सोरेन ने कहा कि प्राकृतिक आपदा में गरीबों को सरकार की ओर से हरसंभव मदद दिलाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द ही आपदा राहत कोष से भी सुरेश लोहार को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा, ताकि वे अपने टूटे हुए मकान का पुनर्निर्माण कर सुरक्षित जीवन यापन कर सके। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने चंपाई सोरेन के सामने अन्य स्थानीय समस्याएं भी रखीं। उन्होंने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया। मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, सिमल सोरेन, बबलू सोरेन, गुरुप्रसाद, दिलीप राउत, मनसा लोहार, करमुचरण सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।


