स्काउट गाइड ने निकाली जन जागरूकता रैली:लोगों को ट्रैफिक नियमों की दी जानकारी, आमजन से यातायात नियमों की पालना की अपील

राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड जिला मुख्यालय करौली के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों की पालना और जानकारी के उद्देश्य से रैली का आयोजन किया गया। रैली को पूर्व वन पाल और अभियंता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्काउट गाइड और रोवर रेंजर ने शहर के विभिन्न मार्गों से होकर रैली निकाली और आमजन को दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में ट्रैफिक इंस्पेक्टर महावीर प्रसाद ने कहा की स्काउट गाइड अपने परिजनों मित्रों पड़ोसियों गांव वासियों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी प्रदान करें। साथ ही स्वयं भी नियमों की पालना करें। सीओ स्काउट अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में जिला स्काउट गाइड भवन में सड़क सुरक्षा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यातायात निरीक्षक महावीर प्रसाद ने स्काउट गाइड, रोवर रेंजर को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें। हेलमेट के प्रयोग नहीं करने पर स्वयं की जान को खतरा तो है ही साथ ही ई-चालान के माध्यम से जुर्माना भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फोर व्हीलर वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा कि हेलमेट व सीट बेल्ट दुर्घटनाओं में होने वाली जन हानि से बचाते है। यातायात निरीक्षक ने कहा की वाहन चलाते समय नशा नहीं करें। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने से भी दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करना भी जुर्माने की श्रेणी में आता है। उन्होंने स्काउट गाइड से अपील की है कि वो स्वयं नियमों का पालन करें एवं अपने मित्रों, परिजनों, साथियों, पड़ोसियों एवं गांव वासियों को भी यातायात नियमों की पालना करने के लिए प्रेरित करें। यदि हमारे प्रयास से एक भी जान सड़क दुर्घटना में बच जाती है, तो यह बहुत ही पुण्य कार्य होगा। उन्होंने स्काउट गाइड के क्रियाकलापों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वो सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। इससे पूर्व स्काउट गाइड रोवर रेंजर ने आम जन में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागृति उत्पन्न करने की दृष्टि से जन जागरूकता रैली का आयोजन किया, जिसको जिला स्काउट गाइड भवन से पूर्व वनपाल महेश सारस्वत, कनिष्ठ अभियंता पुष्पेंद्र शुक्ला, ठेकेदार रामकुबेर प्रजापत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली जिला स्काउट गाइड भवन से प्रारंभ होकर पुरानी नगर पालिका फूटा कोट अनाज मंडी सब्जी मंडी गणेश गेट होते हुए स्काउट गाइड भवन पर संपन्न हुई। रैली के दौरान स्काउट गाइड सड़क सुरक्षा संबंधी नारे लगाते चल रहे थे। साथ ही आमजन से हेलमेट पहनना के लिए आग्रह कर रहे थे। रैली का नेतृत्व सीओ गाइड निरमा मीणा ने किया। इस अवसर पर गवर्नमेंट कॉलेज करौली, गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल करौली और 31वां स्वतंत्र रोवर स्काउट क्रू करौली के स्काउट गाइड रोवर रेंजर उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *