दसवीं-बारहवीं सीजी बोर्ड की फाइनल मेरिट लिस्ट इसी हफ्ते जारी होने की संभावना है। इसमें करीब 10 नए नाम जुड़ सकते हैं। दरअसल, पुनर्मूल्यांकन में जब कॉपियों की दोबारा जांच हुई तो कई छात्रों के नंबर बढ़े। इस वजह से टॉप-10 लिस्ट में बदलाव होगा। अस्थाई मेरिट लिस्ट में जिन छात्रों के नाम थे, वे नहीं हटेंगे। बोर्ड के सभी टॉपर्स को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इधर, सीजी बोर्ड एग्जाम के नतीजे मई में जारी हुए थे। उस समय अस्थाई मेरिट लिस्ट जारी हुई थी। इस टॉप-10 लिस्ट के अनुसार दसवीं में 85 और बारहवीं में 19 टॉपर हैं। कई छात्र ऐसे थे जो कुछ अंक कम होने के कारण इस लिस्ट में शामिल नहीं हो पाए थे। ऐसे छात्रों ने भी रीवैल व रीटोटलिंग के लिए आवेदन किया था। कॉपियों की जब दोबारा जांच हुई तो इनके नंबर बढ़े। कई छात्रों के 15 से 20 नंबर तो कईयों के इससे भी ज्यादा बढ़े। इसमें से अब कुछ छात्र मेरिट में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। जानकारी के मुताबिक फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार हो चुकी है, माध्यमिक शिक्षा मंडल से इसी सप्ताह जारी होगी। दसवीं में 9 अंकों के बीच 85 टॉपर दसवीं की अस्थाई मेरिट लिस्ट में 85 टॉपर्स है। इसके बीच अंकों का अंतर 9 है। टॉपर्स को 600 में से 595 यानी 99.17 प्रतिशत अंक िमला। इसी तरह 85वें स्थान के छात्र को 600 में 586 (97.67 %) अंक मिला। अस्थाई लिस्ट में जो छात्र हैं, वे हटेंगे नहीं। इसलिए रीवैल के बाद जिन छात्रों का स्कोर 586 या इससे अधिक है उन्हें मेरिट में जगह मिलेगी। इसी तरह बारहवीं की अस्थाई मेरिट में 12 अंकों के अंतराल में 19 टॉपर्स हैं। टॉपर्स को 500 में 491 अंक मिला, जबकि 19वें स्थान के छात्र का स्कोर 500 में 479 है। इस तरह से पुनर्मूल्यांकन के बाद जिन छात्रों का नंबर 479 या इससे अधिक हुआ है उनको फाइनल मेरिट लिस्ट में जगह मिलेगी। दसवीं और बारहवीं के टॉपर्स का सम्मान कब, यह तय नहीं एक ओर सीजी बोर्ड एग्जाम 2025 की फाइनल मेरिट जारी करने की तैयारी की जा रही है। वहीं दूसरी ओर पिछले साल यानी 2024 के टॉपर्स सम्मान समारोह का सालभर से इंतजार कर रहे हैं। यह कार्यक्रम कब होगा यह अभी तय नहीं है। पिछली बार दसवीं में 73 और बारहवीं में 23 टापर्स थे। सीजी बोर्ड के प्रत्येक टॉपर्स को डेढ़ लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। लेकिन सम्मान समारोह नहीं होने से यह राशि उन्हें नहीं मिली है। अधिकारियों का कहना है कि इस बार एक साथ दो वर्ष यानी 2024 और 2025 के टॉपर्स का एक साथ सम्मान होगा। सम्मान समारोह की तारीख के लिए शासन को प्रस्ताव जाएगा।


