अंबिकापुर | रक्षाबंधन को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग सरगुजा ने मिलावटी खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। त्योहार में मिलावट की आशंका को ध्यान में रखते हुए विभाग ने खोवा, पनीर, मिल्क केक, डोडा बर्फी जैसी दुग्ध-आधारित मिठाइयों की गुणवत्ता जांची। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.आर. देवांगन और प्रशांत कुमार तिवारी के नेतृत्व में टीम ने न्यू बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित शहर के प्रमुख इलाकों की मिठाई और डेयरी दुकानों का निरीक्षण किया। जय मां महामाया डेयरी, जय मां तारा डेयरी, मोहन भोग स्वीट्स एंड बेकर्स, खलिबा डेयरी, विजय गुप्ता अंबिकापुर सहित कई प्रतिष्ठानों से खोवा और पनीर के पांच नमूने विधिवत संकलित किए गए। सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


