राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान परीक्षा: संभाग के 23 बच्चों का चयन

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर सरगुजा संभागायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में पीएसवाय-उत्कृष्टता सम्मान समारोह हुआ। सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान परीक्षा के संभाग स्तरीय चयनित बच्चों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपायुक्त सरगुजा आर.के. खूंटे, शारदा अग्रवाल और संयुक्त संचालक शिक्षा संजय गुप्ता मौजूद रहे। समारोह में सरगुजा, जशपुर, कोरिया, एमसीबी और सूरजपुर जिलों के स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक और छात्र-छात्राएं शामिल हुए। संभागायुक्त दुग्गा ने बच्चों को बधाई दी और राज्य स्तरीय परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती। सरगुजा संभाग के बच्चों की यह उपलब्धि गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह परीक्षा भविष्य की पहली सीढ़ी है। लक्ष्य तय कर मेहनत करें, सफलता जरूर मिलेगी। राज्य स्तरीय परीक्षा के लिए लेखन, चित्रकला और सामान्य ज्ञान विधा में कुल 23 बच्चों का चयन हुआ है। समारोह में उपस्थित बच्चों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान परीक्षा नीति आयोग द्वारा आयोजित की जाती है। इसमें देशभर के बच्चे चित्रकला, सामान्य ज्ञान और शोध आधारित प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं। चयनित बच्चों को प्रवीणता सूची के आधार पर नगद राशि और प्रमाणपत्र दिए जाते हैं। सम्मानित बच्चों में सरगुजा जिले के कॉर्मेल स्कूल के प्रियेश सिंह और संध्या गुप्ता, एमसीबी जिले से अक्षत गोयल, सूरजपुर से मान्यता जायसवाल और विहान ठाकुर शामिल हैं। जशपुर जिले से प्रज्ञा केरकेट्टा, मंदाकिनी चक्रवर्ती, निधि ठाकुर, खुशी यादव, आंचल गुप्ता, मधु कंवर, सुमन रानी, यश तिवारी, रश्मि राठिया और आयुष कुमार को सम्मान मिला। कोरिया जिले से कृशा अग्रवाल, अभिज्ञान और निधि राजवाड़े को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के बाद संभागायुक्त दुग्गा ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत बच्चों के साथ मिलकर पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए पेड़ लगाना जरूरी है। पेड़ लगाने के बाद उसकी देखभाल भी हमारी जिम्मेदारी है। सभी को पेड़ लगाने और दूसरों को प्रेरित करने की अपील की। समारोह में उपस्थित स‍ंभागायुक्त दुग्गा, छात्र-छात्राएं और अन्य।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *