वर्ल्ड अपडेट्स:ट्रम्प ने जापान के साथ ट्रेड डील की घोषणा की, कहा- जापान अमेरिका में ₹46 लाख करोड़ निवेश करेगा; 15% टैरिफ देगा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने जापान के साथ एक बड़े ट्रेड डील की घोषणा की है। डोनाल्ड ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में मंगलवार को कहा- मैंने इतिहास के सबसे बड़े व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह शायद जापान के साथ सबसे बड़ा समझौता है। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर कहा- जापान अमेरिका में 550 अरब डॉलर (लगभग 46 लाख करोड़ रुपए) का निवेश करेगा। साथ ही जापान 15% रेसिप्रोकल टैरिफ को लागू करने पर सहमत हुआ है। ट्रम्प ने इसे अमेरिका के लिए बेहद फायदेमंद करार देते हुए कहा कि इससे लाखों नई नौकरियां पैदा होंगी और कुल प्रॉफिट का 90 प्रतिशत अमेरिका को मिलेगा। जापान, अमेरिका के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में से एक है। ट्रम्प ने बताया कि जापान अपनी अर्थव्यवस्था को अमेरिकी सामान के लिए खोलेगा। इनमें कार, ट्रक, चावल और कृषि उत्पाद शामिल हैं। हालांकि, जापान ने अमेरिका के साथ समझौता होने की पुष्टि अभी तक नहीं की है। अमेरिकी आयात पर जापान में कितना टैरिफ लगेगा, यह स्पष्ट नहीं है। हाल ही में ट्रम्प ने चेतावनी दी थी कि अगर एक अगस्त से पहले जापान के साथ समझौता नहीं होता तो उस पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया जाएगा। इससे जापान की ऑटो इंडस्ट्री को राहत मिलेगी, जो देश में 8% नौकरियों के लिए जिम्मेदार है। टैरिफ 25% से घटकर 15% होने की खबर से जापानी ऑटो कंपनियों के शेयरों में उछाल आया और निक्केई 225 इंडेक्स 1% से अधिक बढ़ा। यह समझौता फिलीपींस, इंडोनेशिया, यूके और वियतनाम के साथ हाल के समझौतों के बाद आया है। ट्रम्प ने फिलीपींस और इंडोनेशिया के लिए 19% टैरिफ की घोषणा की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *