धनबाद के जमुनिया में अवैध कोयला खदान धंसा:9 मजदूरों की मौत की आशंका, प्रशासन को नहीं है जानकारी, विधायक सरयू राय ने खनन माफिया का बताया नाम

धनबाद जिले के बाघमारा क्षेत्र अंतर्गत केसरगढ़ा स्थित जमुनिया नदी के पास मंगलवार शाम अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अवैध खदान की चाल धंसने से आधा दर्जन से ज्यादा मजदूरों के दबने की सूचना है। इस हादसे में करीब 9 मजदूरों की मौत होने की भी बात कही गई है। हालांकि घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो रही है। पुलिस भी घटना को लेकर अनभिज्ञता जाहिर कर रही है। बताया जा रहा है कि जो मजदूर हादसे के शिकार हुए हैं वे गिरिडीह जिले के बताए जा रहे हैं। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। घटनास्थल पर गहरा अंधेरा होने के कारण अवैध खनन में लिप्त माफिया के गुर्गों ने हथियारों से लैस होकर क्षेत्र की घेराबंदी कर रखी है। आने-जाने वालों पर रखी जा रही नजर स्थानीय लोगों की माने तो आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है और किसी को भी पास नहीं जाने दिया जा रहा है। जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका है। दूसरी ओर पुलिस प्रशासन की सक्रियता सवालों के घेरे में है। बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने कहा कि उन्हें किसी प्रकार की घटना की जानकारी नहीं मिली है। वहीं ब्लॉक-टू क्षेत्र के नोडल सुरक्षा अधिकारी राजीव रंजन ने भी अनभिज्ञता जताई है। घटना के बाद कतरास और राजगंज थाना क्षेत्र के कांको इलाके में भी हलचल देखी गई। दर्जनों संदिग्ध लोग समूह बनाकर सड़क जाम की योजना बनाते नजर आए। पूछने पर उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। विधायक सरयू राय ने एसएसपी से की बात इस बीच, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने इस घटना को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि बाघमारा के जमुनिया क्षेत्र में अवैध खनन की चाल धंसने से 9 मजदूरों की मौत हुई है। शवों को अवैध खनन माफिया निपटाने में जुटा है। उन्होंने इस संबंध में धनबाद के एसएसपी को सूचना भी दी है। सरयू राय ने अपने ट्वीट में खनन माफिया चुनचुन का नाम लेते हुए आरोप लगाया है कि वह प्रभावशाली संरक्षण में अवैध खनन करवा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *