भास्कर न्यूज | दाढ़ी ग्राम पंचायत जाता के कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। सत्र 2025-26 के लिए छात्रावास में 10 सीटें रिक्त हैं। अधीक्षिका उमा जाटव ने बताया कि ग्राम ओड़िया के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सभी संकायों के अनुभवी शिक्षक उपलब्ध हैं। रिक्त सीटों की पूर्ति के लिए द्वितीय चरण का आवेदन 30 जुलाई तक मंगाए गए हैं। आवेदन छात्रावास से प्रतिदिन सुबह 9 से शाम 5 बजे तक प्राप्त किए जा सकते हैं। यह छात्रावास राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा मिशन के तहत चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की होनहार बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ना है। जो छात्राएं किसी कारणवश पढ़ाई छोड़ चुकी हैं या संसाधन के अभाव में शिक्षा से वंचित हैं, उन्हें दोबारा मुख्यधारा में लाना इसका मकसद है। छात्रावास में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं को प्रवेश दिया जाता है। जिसमें सामान्य, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार की बालिकाएं पात्र हैं। यहां रहना, खाना और अन्य सभी सुविधाएं पूरी तरह निशुल्क हैं। उन्होंने बताया कि छात्राएं यहां रहकर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। ग्राम मरतरा की कक्षा 10वीं की छात्रा मोनिका साहू ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है। अधिक जानकारी के लिए अधीक्षिका के मोबाइल नंबर 98938 74343 पर संपर्क किया जा सकता है।


