भास्कर न्यूज | परपोड़ी नगर का दर्री तालाब मुख्य मार्ग पर स्थित है। यह भूजल स्तर बढ़ाने का प्रमुख स्रोत भी है। आम लोग इसे निस्तारी के लिए भी उपयोग करते हैं। लेकिन नगर के घरों, होटलों, चाट सेंटरों और मांस दुकानों से निकलने वाली गंदगी नालियों के जरिए तालाब में पहुंच रही है। इससे तालाब का पानी प्रदूषित हो रहा है। दर्री तालाब 1.04 हेक्टेयर यानी लगभग ढाई एकड़ में फैला है। इसमें जलभराव होता है। इससे नगर के हैंडपंप और निजी बोर के जल स्तर में सुधार होता है। तालाब में 10 महीने तक पानी भरा रहता है। लेकिन अब इसमें गंदगी बढ़ती जा रही है। नगर की नालियों और सीवेज से निकलने वाला पानी तालाब में मिल रहा है। गंदगी में मौजूद हानिकारक पदार्थ और रोगजनक जीव जलीय जीवन के लिए खतरा बन रहे हैं। मछलियों पर इसका असर दिख रहा है। नगर में शराब दुकान के पास कई चखना सेंटर और मांस दुकानें हैं। इनसे निकलने वाला कचरा जैसे पानी पाउच, डिस्पोजल, पन्नी आदि भी नालियों से होकर तालाब में पहुंच रहा है। इससे तालाब का जल स्रोत बंद हो रहा है। नई नाली के लिए भेजा प्रस्ताव: सीएमओ सीएमओ विनीत सिंह ने बताया कि उन्होंने दर्री तालाब का निरीक्षण किया है। प्रदूषण की स्थिति देखी है। तालाब में जाने वाले गंदे पानी और प्लास्टिक को रोकने के लिए नई नाली बनाई जाएगी। इसके लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द निविदा बुलवाकर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।


