भास्कर न्यूज | गढ़वा गढ़वा शहरी प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने अधिकारियों के साथ अतिक्रमण, जाम की समस्या, कचरा प्रबंधन, शहरी क्षेत्रों में व्याप्त अन्य अव्यवस्था आदि से निबटने व शहरों का सौंदर्यीकरण करने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों, चौक चौराहों, मुख्य सड़क एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, नदी नालों आदि का स्थल निरीक्षण किया। उपायुक्त ने गढ़वा शहर के बीच से गुजरी सरसतिया नदी का स्थल निरीक्षण किया। इसी प्रकार उन्होंने शहर के तिलैया नदी, कर्बला स्थित तेतरियाटांड़ मैदान और मुख्य बाजार स्थित खादी बाजार के मैदान का भी स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि शहर से गुजरे सरसतिया नदी के अधिकांश भागों में आमजनों के द्वारा अतिक्रमण करके घर व प्रतिष्ठान आदि बना दिए गए हैं, जो एक खेद का विषय है। तेतरियाटांड़ मैदान एवं खादी बाजार के मैदान में भी इसी प्रकार का नजारा देखने को मिला। उपायुक्त ने कहा कि विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और शहर के नदी नालों का अतिक्रमण किये जाने से संबंधित शिकायतें प्राप्त हो रही थी। उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां नदी नालों को स्वच्छ बनाने और अतिक्रमण मुक्त करने का कार्य जिला प्रशासन कार्य कर रहा है। वहीं दूसरी तरफ लोग विभिन्न सार्वजनिक स्थलों व नदी नालों का ही अतिक्रमण किए हुए हैं। जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने ऐसे संपूर्ण स्थलों पर अतिक्रमण मुक्ति अभियान चलाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जो भी सरकारी भूमि है वह लोगों की सुविधा के लिए सार्वजनिक उपयोग के लिए होते हैं। उन्होंने आमजनों से ऐसे स्थलों पर अतिक्रमण नहीं करने और अतिक्रमण जैसे मुद्दे आने पर प्रशासन को सूचित करने की अपील की है। मौके पर गढ़वा एसडीओ संजय कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार, एसडीपीओ नीरज कुमार, सीओ सफी आलम आदि उपस्थित थे।


