अमर शहीद बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा साहिब में जप तप समागम, गुरबाणी की मधुर ध्वनि में डूबी संगत

भास्कर न्यूज | लुधियाना मॉडल टाउन एक्सटेंशन स्थित अमर शहीद बाबा दीप सिंह जी गुरुद्वारा साहिब में बुधवार को एक भक्तिपूर्ण तप समागम का भव्य आयोजन हुआ। सुबह 11 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और गुरु चरणों में हा​जिरी भरकर आत्मिक शांति का अनुभव किया। समागम शाम 4 बजे तक चला। इसमें गुरबाणी की मधुर ध्वनि से गुरुद्वारा परिसर पूरी तरह आध्यात्मिक वातावरण में रंग गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्त्री सत्संग सभा की सदस्यों द्वारा श्री जपजी साहिब के पाठ से हुई। इसके बाद चौपाई साहिब और श्री सुखमणि साहिब के पाठ का संगीतमय उच्चारण हुआ। हर शब्द और श्लोक के साथ संगत गहरे भक्ति भाव में डूबती चली गई। पाठों के उपरांत स्त्री सत्संग सभा ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया। हम कुकर तेरे दरबार, सो दर कैसे छोड़िए जो दर ऐसा होए और कर किरपा तेरे गुण गावा जैसे शब्दों का भावपूर्ण गायन हुआ। संगत ने सामूहिक रूप से अरदास की और गुरु साहिब के चरणों में धन्यवाद अर्पित किया। कार्यक्रम के अंत में गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रेम और श्रद्धा से प्रसाद ग्रहण किया। यह तप समागम केवल धार्मिक रस्मों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें आत्मिक शांति, सेवा और संगत के सामूहिक सत्संग का अनोखा संगम देखने को मिला। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने सफल आयोजन के लिए संगत का धन्यवाद किया और भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *