फाजिल्का जिले में अबोहर के गांव खुईयां सरवर में स्थित भारतीय स्टेट बैंक में चोरों ने सेंधमारी की। चोर बैंक के टॉयलेट की दीवार तोड़कर अंदर घुसे। उन्होंने सेफ रूम में रखे कई बड़े और छोटे लॉकरों को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। चोर सीसीटीवी कैमरों को तोड़कर डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। सुबह जब बैंक अधिकारियों को घटना का पता चला, तो उन्होंने खुईयां सरवर थाने में सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। चोरी की वारदातें बढ़ रहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले इस क्षेत्र में चोरी की घटनाएं कम होती थीं। लेकिन पिछले कुछ समय से इस तरह की वारदातें बढ़ गई हैं। इसके चलते ग्रामीण अब गांव में ठीकरी पहरा भी दे रहे हैं। अगर चोर लॉकर तोड़ने में सफल हो जाते, तो लाखों-करोड़ों रुपए का नुकसान हो सकता था। दुकान में खिड़की की जाली तोड़कर घुसे चोर वहीं पिछले तीन दिनों में तीन अलग-अलग जगहों पर चोरी की वारदातें हुई हैं। पुलिस अभी तक एक भी चोर को पकड़ने में कामयाब नहीं हुई है। संत नगर में दुकान से भी चोरी का मामला सामने आया है। किराना दुकान के मालिक प्रेम प्रकाश ने बताया कि रात को दुकान बंद करके गए थे। सुबह करीब 5:45 बजे जब वे दुकान पहुंचे, तो कुछ लोग दुकान के बाहर खड़े थे। दुकान की खिड़की की जाली टूटी हुई थी। दुकान से एक बोरा चावल, 30 किलो चीनी और करीब 1500 रुपए की बीड़ी-सिगरेट चोरी हो गई थी। पुलिस जांच में जुटी इससे पहले दशमेश नगर में एक निर्माणाधीन मकान से नल और अन्य सामान चोरी हुआ। थाना सदर के पास जैन नगरी में कपिल चौधरी के घर से भी हजारों रुपए के नल और बाथरूम फिटिंग का सामान चोरी हो गया। सिटी वन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक किसी भी चोरी का खुलासा नहीं हो पाया है। लगातार हो रही चोरियों से स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।


