अंबिकापुर के सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने अपने 120 साथियों के साथ गुरुवार को वाराणसी से 400 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा शुरू की है। विधायक के साथ कांवड़िए गुरुवार सुबह गंगाजल लेकर वाराणसी से निकले हैं। वे 12 दिनों बाद मैनपाट के चोरकीपानी शिव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो का वाराणसी से कांवर यात्रा का यह लगातार चौथा साल है। विधायक राम कुमार टोप्पो और 120 अन्य कांवड़िए एक दिन पहले वाराणसी पहुंचे थे। सभी ने गुरुवार सुबह गंगास्नान किया और बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद अस्सी घाट से गंगाजल लेकर कांवर यात्रा की शुरुआत की। दिनभर यात्रा, रात में करेंगे विश्राम विधायक और कांवड़ियों की यह कांवर यात्रा 12 दिनों में पूरी होगी। विधायक और अन्य कांवड़िए दिन में पैदल चलेंगे और रात में विश्राम करेंगे। एक दिन में दल करीब 35 से 40 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। कांवरियों के साथ विधायक के भोजन की व्यवस्था होगी। विश्राम की जगह भी पहले ही निर्धारित कर दी गई है। कांवड़ियों में उत्साह पूर्व सैनिक से विधायक बने रामकुमार टोप्पो के साथ युवाओं की टीम कांवड़ यात्रा पर निकली है। गत वर्ष 60 लोग कांवड़ यात्रा में शामिल हुए थे। इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 120 हो गई है। कांवड़ियों का जगह-जगह स्वागत भी किया जाएगा। इस साल विधायक रामकुमार टोप्पो अपने दल के साथ पौधे भी लेकर चल रहे हैं। दल का जहां पड़ाव होगा, वहां वे एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण भी करेंगे। विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि यह यात्रा अपने सीतापुर क्षेत्र की खुशहाली के लिए किया जाता रहा है। चोरकीपानी शिव मंदिर में वे जलाभिषेक करते हैं, जहां लोगों की आस्था जुड़ी है।


