छत्तीसगढ़ के कांकेर में गुरुवार को परतापुर, रावघाट और माड़ डिवीजन में सक्रिय 13 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इन सभी पर कुल 62 लाख रुपए का इनाम घोषित था। इस आत्मसमर्पण से अब उत्तर बस्तर में नक्सलियों की कमर टूट गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला ने नक्सलियों से मुख्यधारा में शामिल होने की अपील की है। साथ ही सभी आत्मसमर्पित नक्सलियों को 50-50 हजार रुपए का चेक दिया गया है। सरेंडर करने वालों में मंगलू उर्फ रुपेश उर्फ अरुण कोमरा भी शामिल है। उस पर 10 लाख रुपए का इनाम था। वह 2003 से नक्सल संगठन में सक्रिय था और माड़ डिवीजन मिलिट्री कंपनी नंबर-1 का कमांडर था। मंगलू कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है। इनमें 2006 में गोंडबिनापाल के पास हुआ विस्फोट, 2009 में मन्हाकाल एम्बुश, 2011 में सुलंगी एम्बुश, 2017 में टेकानार के पास यात्री बस की आगजनी और 2020 में कोहकामेटा चेकपोस्ट पर फायरिंग की घटनाएं शामिल हैं।


