मुंबई लोकल में 2024 में 2,282 लोगों की मौत:ट्रैक पार करने और चलती ट्रेन से गिरना मुख्य वजह; 10 साल में 26500 मौतें

मुंबई की लोकल ट्रेन नेटवर्क पर साल 2024 में 2,282 लोगों की मौत हुई है। ये मौतें ट्रैक पार करने, खंभे से टकराने, चलती ट्रेन से गिरने और प्लेटफॉर्म गैप में फंसने जैसी घटनाओं की वजह से हुईं। यह जानकारी रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा में दी। यह आंकड़े कांग्रेस सांसद शशिकांत सेंथिल के पूछे गए सवाल के जवाब में दिए गए। शशिकांत ने भीड़भाड़ और सुरक्षा के मुद्दे उठाए थे। रेल मंत्री ने कहा;- कानून-व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा राज्य सरकार की जिम्मेदारी होती है। ऐसे मामलों में जीआरपी (रेलवे पुलिस) और जिले की पुलिस काम करती हैं, जबकि रेलवे की सुरक्षा टीम यानी RPF उनकी मदद करती है। मुंबई में सबसे ज्यादा 1,408 लोगों की मौत रेल मंत्री ने बताया कि 2024 में सबसे ज्यादा 1,408 लोगों की मौत मुंबई में हुई। ठाणे में 615, नवी मुंबई में 131 और रायगढ़ में 128 लोगों की जान गई। मुंब्रा स्टेशन के पास हुई एक हाल की दुर्घटना की जांच के लिए एक कमेटी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए एसी लोकल ट्रेनें शुरू की गई हैं, जिनके दरवाजे चलती ट्रेन में बंद रहते हैं और स्टेशन पर ही खुलते हैं, जिससे हादसे कम होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाना लगातार चलने वाली प्रक्रिया है, जो जरूरत और उपलब्ध संसाधनों पर निर्भर करती है। मुंबई में 10 साल में 26500 से ज्यादा मौतें
मुंबई में रेलवे ट्रैक पर पिछले 10 सालों में 26,500 से ज्यादा लोगों की जान गई। RTI से मिली जानकारी के मुताबिक, जनवरी 2015 से मई 2025 के बीच मुंबई स्थित रेलवे ट्रैक पर कुल 26,547 लोगों की मौत हुई है। ये मौतें सेंट्रल रेलवे और वेस्टर्न रेलवे के उपनगरीय नेटवर्क पर हुईं। रेलवे ट्रैक पार करने की वजह से सबसे ज्यादा लोगों की जान गई, जिनकी संख्या 14,175 रही। लोकल ट्रेनों में ऑटोमैटिक डोर लगाएगा रेलवे
रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने कहा कि सरकार ने मुंबई सबअर्बन एरिया के लिए बनाई जा रही सभी लोकल ट्रेनों में ऑटोमैटिक दरवाजा बंद करने की सुविधा देने का फैसला किया है। कुमार ने कहा कि वर्तमान में चल रहे सभी कोच को फिर से डिजाइन किया जाएगा और मुंबई सबअर्बन एरिया की इन ट्रेनों में दरवाजा बंद करने की सुविधा प्रदान की जाएगी। महाराष्ट्र में हाल ही में हुए ट्रेन हादसे… 1. ठाणे में लोकल से यात्री गिरे, 4 की मौत और 13 घायल मुंबई के मुंब्रा रेलवे स्टेशन के नजदीक चलती लोकल ट्रेनों से 10 यात्री नीचे गिर गए। इनमें से 4 की मौत हो गई, जबकि 13 घायल हो गए। ये सभी ट्रेन के गेट पर खड़े थे। 2. जलगांव में पुष्पक एक्सप्रेस के यात्री हादसे का शिकार हुए महाराष्ट्र के जलगांव में जनवरी में ट्रेन हादसा हुआ था। लखनऊ से मुंबई जा रही 12533 पुष्पक एक्सप्रेस में सवार यात्री महाराष्ट्र के जलगांव में हादसे का शिकार हो गए। हादसे में 12 लोगों की मौत हुई थी। यहां पाचोरा स्टेशन के पास माहेजी और परधाड़े के बीच पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैली। इस दौरान किसी यात्री ने चेन पुलिंग कर दी। ट्रेन रुकी और घबराए यात्री कूद गए। इसी दौरान दूसरे ट्रैक पर आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस ने कई यात्रियों को कुचल दिया। सेंट्रल रेलवे के भुसावल डिवीजन के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जहां घटना हुई, उस जगह पर शार्प टर्न था। इस वजह से दूसरे ट्रैक पर बैठे पैसेंजर्स को ट्रेन के आने का अंदाजा नहीं लगा। यही वजह रही कि कर्नाटक एक्सप्रेस से इतनी बड़ी संख्या में लोग कुचले गए। 3. मुंबई के बांद्रा टर्मिनस में भगदड़, 10 यात्री घायल मुंबई के बांद्रा टर्मिनस पर पिछले साल अक्टूबर में भगदड़ मचने से 10 यात्री घायल हो गए थे। हादसा प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर सुबह करीब 6 बजे हुआ। अधिकारियों ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर गोरखपुर-बांद्रा एक्सप्रेस आई थी, उसमें चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच भगदड़ मच गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *