गलाडा की कार्रवाई : सेक्टर 32 की कमर्शियल मार्केट से अवैध कब्जे हटाए

भास्कर न्यूज| लुधियाना गलाडा ने लुधियाना के सेक्टर 32, चंडीगढ़ रोड स्थित कमर्शियल मार्केट के आसपास से अवैध रूप से लगाई गईं रेहड़ियों और फड़ियों को हटाने की कार्रवाई की। यह कब्जे पिछले लंबे समय से गलाडा की संपत्ति पर गैर-कानूनी तरीके से किए जा रहे थे, जिनके खिलाफ अब सख्त कदम उठाया गया है। कार्रवाई के दौरान जिला अधिकारी अमन गुप्ता (पीसीएस), उप मंडल अभियंता (बीएंडई) दिवलीन सिंह और गलाडा के अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में कई बार चेतावनी देने के बावजूद लोग अवैध रूप से व्यवसाय कर रहे थे। रेहड़ी/फड़ी लगाने वालों को पहले कई बार हटाया गया, पर वे बार-बार दोबारा आकर कब्जा कर लेते थे। गलाडा के मुख्य प्रशासक के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई ताकि मार्केट क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाया जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह क्षेत्र गलाडा की आधिकारिक संपत्ति है, जिस पर इस तरह के अतिक्रमण न केवल गैर-कानूनी हैं, बल्कि राहगीरों और दुकानदारों के लिए असुविधा का कारण भी बनते हैं। गलाडा अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई अब नियमित रूप से शहर की विभिन्न अर्बन एस्टेट्स में की जाएगी। इसका मकसद इन इलाकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाना है ताकि वहां के निवासी बिना किसी अतिक्रमण के खुले और व्यवस्थित वातावरण में रह सकें। गलाडा ने आम जनता से भी अपील की है कि वे इस तरह की अवैध गतिविधियों की सूचना दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *