लुधियाना। हरियाली तीज का त्योहार महिलाओं के लिए विशेष होता है। सावन के महीने में आने वाला यह पर्व सोलह श्रृंगार, झूला, गीत-संगीत और खासतौर पर मेहंदी के बिना अधूरा माना जाता है। मेहंदी न केवल सौंदर्य का प्रतीक है, बल्कि इसका वैज्ञानिक महत्व भी है यह शरीर को ठंडक देती है और शुभता का संकेत मानी जाती है। आजकल परंपरागत डिजाइन के साथ-साथ मॉडर्न और ट्रेंडी मेहंदी पैटर्न का चलन भी बढ़ गया है। अगर आप भी इस हरियाली तीज पर कुछ नया और स्टाइलिश ट्राई करना चाहती हैं, तो इन डिजाइन आइडियाज पर जरूर नजर डालें। हरियाली तीज सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए सजने-संवरने का भी खास अवसर है। ऐसे में मेहंदी के डिजाइन भी खास होने चाहिए। इस बार आप भी कुछ हटकर ट्राई करें और पारंपरिक त्योहार को स्टाइलिश अंदाज में सेलिब्रेट करें। चाहे आप साड़ी पहनें या सूट, ये ट्रेंडी मेहंदी डिजाइन हर लुक को पूरा करने में मदद करेंगे। { अरेबिक मेहंदी फास्ट और फैशनेबल विकल्प : अरेबिक मेहंदी डिजाइन कम वक्त में तैयार हो जाती है और दिखने में बेहद सुंदर लगती है। यह डिजाइन एक तरफ से शुरू होकर उंगलियों तक जाती है और इसमें पत्तियां, बेल और फूलों का सुंदर मिश्रण होता है। खास बात यह कि इसे हाथ की दोनों साइड्स पर हल्के अंदाज में लगाया जा सकता है, जिससे यह स्टाइलिश भी दिखती है और भारी भी नहीं लगती। {ज्वेलरी स्टाइल मेहंदी हाथों में कंगन और रिंग का लुक : यह स्टाइल उन महिलाओं के लिए है जो पारंपरिकता के साथ कुछ अलग ट्राई करना चाहती हैं। इसमें मेहंदी से ऐसे पैटर्न बनाए जाते हैं जो कंगन, अंगूठी या ब्रेसलेट का आभास देते हैं। कलाई से लेकर उंगलियों तक बारीकी से बनी ये डिजाइन किसी भी आउटफिट के साथ मैच कर जाती हैं और शादी या तीज जैसे मौकों के लिए परफेक्ट रहती हैं। {मिनिमल मेहंदी सिंपल लेकिन एलीगेंट : अगर आप ज्यादा भरा हुआ डिजाइन नहीं चाहतीं तो मिनिमल मेहंदी स्टाइल ट्राय करें। इसमें केवल एक या दो उंगलियों पर बेल, डॉट्स या गोल टिका डिजाइन बनाई जाती है। यह खासतौर पर ऑफिस जाने वाली महिलाओं और युवतियों के बीच पॉपुलर हो रही है, क्योंकि यह सिंपल होने के बावजूद ट्रेंडी लुक देती है। राजस्थानी और मराठी फ्यूजन डिजाइन राजस्थानी मेहंदी में दुल्हन-दुल्हा, पगड़ी, हाथी, मोर आदि की आकृति बनाई जाती है, वहीं मराठी स्टाइल में गोल घेरे और मांडना जैसी आकृतियां होती हैं। इन दोनों का फ्यूजन डिजाइन आजकल काफी पसंद किया जा रहा है। यह हाथों को पारंपरिक और कलात्मक रूप देता है। {फुट मेहंदी और आर्म डिजाइन का भी बढ़ा चलन : सिर्फ हाथों तक ही सीमित न रहें अब महिलाएं पैरों और बाजुओं पर भी ट्रेंडी मेहंदी लगवा रही हैं। पैरों पर अरेबिक बेल या पायल जैसा डिजाइन और बाजुओं पर चूड़ी पैटर्न का ट्रेंड भी हरियाली तीज पर खूब देखा जा रहा है।


