ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान एक युवक ने गिल नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। नहर में छलांग लगाने से पहले उसने भाई को अलविदा भी कहा लेकिन भाई उसको बचा पाने में असमर्थ रहा। मृतक की पहचान रिंकू ( 38) पुत्र सुखदेव निवासी दलेर नगर के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि रिंकू लंबे समय से अपनी पत्नी के व्यवहार से परेशान था। जब भी घर में विवाद होता, उसकी पत्नी मायके वालों को बुला लेती थी। आरोप है कि रिंकू को लगातार दहेज के झूठे केस में फंसाने की धमकियां दी जा रही थीं। ससुर और साला दोनों उस पर मानसिक दबाव बनाते थे। सुबह करीब 11 बजे रिंकू और उसकी पत्नी के बीच फिर से झगड़ा हुआ। इसके बाद रिंकू तनाव में घर से निकल गया और सीधा गिल वाली नहर की ओर चला गया। घटना के बाद से पत्नी घर से लापता है उसका भाई गोल्डी भी उसके पीछे गया, लेकिन जैसे ही वह नहर किनारे पहुंचा, रिंकू ने उसे ‘अलविदा’ कहा और छलांग लगा दी। गोल्डी के मुताबिक वह करीब 25 से 30 फीट की दूरी पर था लेकिन कुछ नहीं कर सका। परिजनों ने भी उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। घटना के बाद से रिंकू की पत्नी भी घर से लापता है। मामले में थाना पीएयू के जांच अधिकारी हरचरण सिंह ने बताया कि मृतक के शव को सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। परिजनों के बयान के आधार पर केस दर्ज कर जांच होगी।


