छत्तीसगढ़ के सरगुजा में हवाई सेवाएं डेढ़ महीने से बंद हैं। फ्लाइट का संचालन करने वाली कंपनी फ्लाई बिग ने इस हफ्ते के शेड्यूल में खराब मौसम का हवाला देकर बंद कर दिया है। ज्यादा समय से सेवाएं बंद होने से लोगों में निराशा है। फिलहाल सेवाएं फिर कब शुरू होगी, इसका कोई शेड्यूल नहीं आया है। सरगुजा एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद हवाई सेवाओं का संचालन फ्लाई बिग कंपनी ही कर रही है। इसकी सेवाएं फिलहाल हफ्ते में 3 दिन शुक्रवार, शनिवार और रविवार को संचालित होती हैं। कुछ दिनों के लिए हवाई सेवाएं हफ्ते में 5 दिन के लिए शुरू की गई थी, जिसे कंपनी ने फिर से 3 दिन कर दिया है। अब यह सेवा भी नियमित रूप से सरगुजा-वासियों को मिल पा रही है। खराब मौसम का हवाला देकर बंद की सेवाएं फ्लाई बिग ने जून महीने के पहले हफ्ते तक हवाई सेवाओं का संचालन किया। जून के दूसरे हफ्ते में सिर्फ एक दिन हवाई सेवाएं संचालित हुईं। इसके बाद खराब मौसम का हवाला देकर फ्लाई निरस्त कर दी गई। अब कंपनी हर हफ्ते फ्लाइट का शेड्यूल निरस्त कर रही है। बताया गया है कि सरगुजा में मानसून के सक्रिय रहने के कारण फ्लाई बिग के 19 सीटर प्लेन को लैंडिंग और टेक-ऑफ में दिक्कतों को देखते हुए सेवाएं कंपनी ने रोक दी हैं। रायपुर से अंबिकापुर के बीच खराब मौसम के कारण भी फ्लाइट का संचालन नहीं हो सका। दोबारा फ्लाइट शुरू होने के आसार नहीं फ्लाई बिग ने फिर 27 जुलाई तक हवाई सेवाओं के शेड्यूल को निरस्त कर दिया है। फिलहाल मानसून सक्रिय है और इस कारण हवाई सेवाओं का संचालन दोबारा कब शुरू हो सकेगा, इसका पता नहीं है। इसके पहले भी कंपनी प्लेन में तकनीकी खामी बताकर सेवाएं करीब दो महीने तक के लिए स्थगित कर चुकी है। सिर्फ रायपुर और बिलासपुर के लिए फ्लाइट वर्तमान में 3 दिनों के फ्लाइट शेड्यूल में रायपुर से अंबिकापुर, अंबिकापुर-बिलासपुर-अंबिकापुर और अंबिकापुर से रायपुर की सेवाएं ही संचालित हो रही हैं। इनमें अंबिकापुर से बिलासपुर और बिलासपुर से अंबिकापुर की सेवाएं कंपनी के लिए घाटे का सौदा है। इस रूट के लिए यात्री ही नहीं मिल रहे हैं। हाईटेक नहीं हो सका एयरपोर्ट सरगुजा के दरिमा एयरपोर्ट में ILS (इंस्ट्रूमेंटल लैंडिंग सिस्टम) नहीं लग सका है। लैंडिंग और टेक ऑफ के लिए नियमानुसार 5 किलोमीटर की दृश्यता जरूरी है। हालांकि पिछले हफ्ते कई दिनों तक मौसम इतना साफ था कि हवाई सेवाएं चल सकती थी, लेकिन कंपनी ने इसका संचालन नहीं किया, जबकि रीवा से भोपाल की सेवाएं जारी रहीं। हवाई सेवाएं एक बार फिर बंद होने से सरगुजा के लोगों में निराशा है। पूर्व में रायपुर-अंबिकापुर से वाराणसी और प्रयागराज तक फ्लाइट सेवा शुरू करने की मांग की जाती रही है, लेकिन इसपर कोई निर्णय नहीं हो सका है।


