भास्कर न्यूज | गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के पंजाबी मोहल्ला में सोमवार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक एसीबी की टीम ने सरकारी कर्मचारी प्रदीप गोस्वामी के घर पर छापेमारी की चर्चा जिले में दिनभर रही। टीम में डीएसपी जितेन्द्र कुमार, इंस्पेक्टर राजेश कुमार समेत 12 से ज्यादा अधिकारी शामिल थे। चार गाड़ियों में सवार टीम नगर थाना पहुंची। फिर नगर थाना पुलिस को साथ लेकर सीधे पंजाबी मोहल्ला स्थित गोस्वामी के घर पहुंची। प्रदीप गोस्वामी पहले समाहरणालय में स्थापना शाखा के प्रधान लिपिक के पद पर कार्यरत थे। लेकिन, वर्तमान में पीरटांड़ प्रखंड कार्यालय में प्रधान लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। एसीबी टीम ने उन्हें करीब 8 तक अपने कब्जे लेकर पूछताछ की। साथ ही घर में मौजूद तमाम संपत्ति के दस्तावेजों को खंगाला। बताया जाता है कि गिरिडीह कोलडीहा के डीलर सुनील लहेरी ने 2018 में प्रदीप गोस्वामी समेत दो लोगों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत एसीबी से की थी। इसमें अनुमंडल आपूर्ति विभाग में पदस्थापित परवेज आलम का भी नाम शामिल था, लेकिन कई सालों तक कार्रवाई नहीं होने के बाद उन्होंने 6 माह पूर्व ईडी से भी लिखित शिकायत की थी। इसी बीच एसीबी ने 2018 में किए गए शिकायत के आलोक में सोमवार को यह कार्रवाई की है।


