पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। यह बात किसी और ने नहीं बल्कि गुलाब सिद्धू ने यूरोप टूर के दौरान अपने शो में कही। उन्होंने कहा कि इस चक्कर में वह किसी से मिलते तक नहीं हैं। इस कारण से लोग उनसे गुस्सा हो जाते हैं। इसमें भला अब उनका क्या कसूर है? जब मैं यूरोप टूर के लिए जहाज पर चढ़ा था तो रोकर चढ़ा था। भला मैंने क्या बुरा किया है? वहीं, वहां मौजूद लोगों से उन्होंने कहा कि कृपा करके आप मेरा साथ दो। मेरा तो पंजाब में जुलूस ही निकाला हुआ है। मेरे दिल में एक बोझ सा था, इसलिए सोचा कि आपसे शेयर कर लूं। सिद्धू इन दिनों यूरोप टूर पर हैं। 26 जुलाई को उनका इटली में प्रोग्राम था। इस दौरान एक शो में उन्होंने बीच में बैठकर अपनी बात रखी। गुलाब सिद्धू ने क्या कहा … 1. गुलाब सिद्धू ने कहा कि उन्हें रोज धमकियां आती हैं। हमारे बरनाला का एक छोटा सा लड़का है, वह मुझे नाजायज ही धमकियां देता है। वह कहता है कि “तेरी टांगे तोड़ दूंगा।” ऐसे में मैं किसी से मिलता नहीं हूं। कोई कह देता है, “सिद्धू भाई खो दिया है तेरा नुकसान न हो जाए भाई।” अगर मैं किसी से नहीं मिलता तो लोग गुस्सा हो जाते हैं। इसमें मेरा क्या कसूर है? 2. इतनी नेगेटिविटी सच में बहुत ज़्यादा है। जिस दिन मैं यूरोप के लिए जहाज पर चढ़ा था, मैं रोकर चढ़ा था कि मैंने किसी का क्या बुरा किया है? प्लीज, जितने लोग यहां बैठे हैं, भाई बनकर मेरा साथ दो। चक्कर यह है कि जब नेगेटिविटी फैलती है, तो अपने लोग- कोई भी आदमी, चाहे मैं ही हूं – गलत चीज ज्यादा देखते हैं और सही चीज कम। 3. मेरा तो पंजाब में जुलूस ही निकाला पड़ा है। कहीं कोई कुछ कह देता है, कभी कोई कुछ और कह देता है। मेरे दिल में बोझ सा था कि आपसे दिल की बात कर लूं। भाई, सॉरी, फील मत करना। आ जाओ। सिद्धू मूसेवाला के जस्टिस का मुद्दा उठाया
गुलाब सिद्धू पहली बार यूके के वॉल्वरहैम्प्टन मेले 2025 में शामिल हुए। इस मौके पर शो की शुरुआत में उन्होंने कहा, “एक ताली मेरे भाई सिद्धू मूसेवाला के नाम पर लगाओ।” उन्होंने आगे कहा, “आप कोई भी सोशल मीडिया ऐप चलाते हो, #JusticeForSidhuMooseWala हैशटैग जरूर लगाया करो।” 26 जुलाई से 17 अगस्त तक है शो
गुलाब सिद्धू का यूरोप टूर 26 जुलाई से 17 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान उनके अलग-अलग शहरों में 9 प्रोग्राम तय किए गए हैं। इसका ऐलान उन्होंने काफी पहले ही कर दिया था। उनके सभी शो में वे पंजाबी गानों पर प्रस्तुति देते हैं। एक शो को लेकर चल रहा है विवाद
गुलाब सिद्धू का एक प्रोग्राम 16 अगस्त को बेल्जियम में है। इसमें भारत और पाकिस्तान, पंजाब के दोनों देशों के कलाकार प्रस्तुति देंगे। इसे “पंजाब साझा मेला” नाम दिया गया है। इसमें पाकिस्तान के यूट्यूबर नासिर ढिल्लों को भी आमंत्रित किया गया है। यह वही व्यक्ति है जिसे हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा और पंजाब के रोपड़ के जसबीर सिंह को पाकिस्तानी अधिकारियों से मिलवाने और जासूसी का आरोप है।


