हजारीबाग शहर में सोमवार देर शाम को आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला। शहर के रोमी से लेकर पैगोडा चौक तक के व्यस्त इलाकों में कुत्तों ने हमला कर करीब 25 लोगों को घायल कर दिया। घायलों में महिलाएं, पुरुष और छोटे बच्चे शामिल हैं। क्षेत्र में दहशत का माहौल प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ये घटनाएं तीन से चार घंटे के भीतर अलग-अलग स्थानों पर हुईं। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सभी पीड़ितों को तुरंत शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।
पीड़ितों को रैबीज का टीका लगाया अस्पताल में एक साथ बड़ी संख्या में कुत्तों के काटे जाने के मरीजों के आने से हड़कंप मच गया। डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ को इलाज में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी पीड़ितों को रैबीज का टीका लगाया गया है। शहर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही: स्थानीय अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि कई मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। कुछ को अभी निगरानी में रखा गया है। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। नागरिकों की मांग है कि निगम विशेष अभियान चलाकर इन कुत्तों को पकड़े और शहरवासियों को सुरक्षित वातावरण दे। नगर निगम आवारा कुत्तों के खिलाफ लगातार अभियान चलता रहता है। मामला प्रकाश में आया है फिर से आवारा कुत्तों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें पकड़ा जाएगा। -अनिल पांडे, सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम


