भास्कर न्यूज | कवर्धा जिले में राजस्व दस्तावेजों की प्रतिलिपि पाने में हो रही परेशानी और भ्रष्टाचार के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने शहर कांग्रेस कार्यालय सिग्नल चौक के पास धरना देकर रैली निकाली गई। इसके बाद रजिस्ट्रार कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपा गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष होरीराम साहू के नेतृत्व व शहर अध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर की अगुवाई में कार्यक्रम हुआ। होरीराम साहू और अशोक सिंह ने कहा कि जिले में खसरा, किस्तबंदी, खतौनी, नक्शा जैसे दस्तावेजों की प्रतिलिपि पाने के लिए लोग परेशान हैं। उप पंजीयक, पटवारी और तहसीलदार बिना हस्ताक्षरित दस्तावेज के विक्रय पत्रों का पंजीयन नहीं कर रहे। लोग बार-बार दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। आरोप लगाते हुए कहा कि बिना रिश्वत के कोई काम नहीं हो रहा। जबकि 1 अगस्त 2014 से शासन ने आदेश दिया है कि खसरा, खतौनी जैसे दस्तावेज केवल कंप्यूटर से ही जारी होंगे। भुइयां सॉफ्टवेयर से प्राप्त दस्तावेज मान्य हैं। इसके बावजूद कवर्धा में आदेशों का पालन नहीं हो रहा। अधिकारी लोगों से वसूली कर रहे हैं। धरने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर कांग्रेस कार्यालय के सामने वित्त मंत्री ओपी चौधरी का पुतला फूंका। भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। पुतला दहन के समय कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई।