लातेहार के सदर थाना क्षेत्र के मोंगर गांव में मंगलवार रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर नगद और जेवरात समेत लगभग चार लाख रुपए का सामान चुरा लिया। भुक्तभोगी प्रिया कुमारी ने बताया कि वह अपने परिजन के इलाज के लिए 24 जुलाई को रांची गई थीं। इसी दौरान चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। चोरों ने घर में घुसकर बक्सा और गोदरेज का लॉक तोड़ा और एक लाख 35 हजार रुपए नगद, चांदी का पायल, सोने की कानबाली, नथुनी, लॉकेट और चांदी का सिक्का चुरा लिया। इसके अलावा मैट्रिक, इंटर के सर्टिफिकेट और अन्य महत्वपूर्ण कागजात भी ले गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध व्यक्ति कैद हुए हैं घटना रात करीब सवा एक बजे की है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध व्यक्ति कैद हुए हैं। माना जा रहा है कि इन्हीं दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार महतो बुधवार को घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।