जलजीवन मिशन के 9 ठेकेदारों के टेंडर होंगे निरस्त:ब्लैकलिस्ट करने के भी दिए निर्देश, रायगढ़ में कलेक्टर बोले- लापरवाही पर होगी कार्रवाई

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक रखी गई। जिसमें कई जगह काम के धीमी गति को देखते हुए कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। साथ ही काम में लापरवाही बरतने वाले 9 ठेकेदारों के टेंडर निरस्त कर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिस भी ठेकेदार ने अपने हिस्से के काम को अधूरे में रोक दिया है या काम काफी धीमा है उसका टेंडर निरस्त कर ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि हर माह बैठक लेकर अधूरे प्रोजेक्ट्स के काम की समीक्षा की जाएगी और जहां लापरवाही मिलेगी, वहां कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों को सिविल वर्क के साथ नल कनेक्शन विस्तार का काम जल्द से जल्द पूरा करना है। जहां टंकियां अधूरी हैं वे भी बिना देरी किए पूरे करने हैं। उन्होंने कहा कि यह मिशन मोड में किया जाने वाला काम है। आज ठेकेदार कार्य पूर्णता की जो तारीख बताएंगे उसके अनुसार उनके कामों का भौतिक सत्यापन होगा और हर महीने बैठक में वास्तविक प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा। कलेक्टर ने ठेकेदारों के साथ पीएचई के अधिकारियों को भी स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि काम में ढिलाई और लापरवाही नहीं चलेगी। धीमे काम पर नाराज हुए
बैठक में ठेकदारों से एक-एक कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की स्थिति के बारे में जानकारी ली गई। विभागीय अधिकारियों से भी ठेकेदारों के फील्ड पर चल रहे कामकाज के बारे में फीडबैक लिया गया। कुछ स्थानों पर काम की धीमी गति पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताई।
इन ठेकेदारों के खिलाफ लिया गया एक्शन
समीक्षा बैठक के दौरान कमजोर प्रगति और फील्ड पर काम बंद पाए जाने को कलेक्टर ने काफी गंभीरता से लिया है। उन्होंने ऐसे सभी ठेकेदारों के टेंडर तत्काल निरस्त करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के लिए पत्र राज्य शासन को भेजने के निर्देश दिए। इनमें मेसर्स गुप्ता ट्रेडिंग कंपनी, मेसर्स जितेश्वर साहू, मेसर्स अजय सेल्स, मेसर्स मुकुल मन्नत कंस्ट्रक्शन, आशीष ट्रेडर्स एंड कंस्ट्रक्शन, दुर्गेश चंद्रा, हरिकृष्णा कंस्ट्रक्शन, हीरादेवी जांजगीर चांपा, में. केपी राठौर जांजगीर-चांपा के नाम शामिल हैं।
काम पूरा होने पर हैंडओवर करे
कलेक्टर ने कई स्थानों पर काम पूरा होने के बाद हैंडओवर नहीं होने के कारणों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि CEO जनपद और विभागीय अधिकारियों की संयुक्त टीम कार्यस्थल पर जाकर भौतिक सत्यापन करें। टेंडर के अनुसार यदि काम पूरा कर लिया गया है तो पंचायतों को हैंडओवर की प्रक्रिया तत्काल पूरी की जाए।
समस्याओं पर भी चर्चा
कलेक्टर ने फील्ड पर आ रही समस्याओं पर भी चर्चा किया। सोलर विलेज स्कीम योजनाओं में क्रेड़ा के हिस्से का काम जल्द पूरा करने के लिए कहा गया। ताकि फंक्शनल नल कनेक्शन विस्तार का काम पूरा कर हैंडओवर किया जा सके। वहीं कई स्थानों पर बिजली कनेक्शन नहीं लग पाने की बात सामने आई, इस पर सीएसपीडीसीएल के अधिकारियों को तत्काल इस पर कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *