भास्कर न्यूज | नारायणपुर जिले के युवा लेखक अभिषेक बैनर्जी को हिंदी लेखन, पत्रकारिता और साहित्य सृजन में विशेष योगदान के लिए डाक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पंडित दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ द्वारा नई दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित रेडिशन ब्लू होटल में आयोजित समारोह में दिया गया। यह संस्था देश की चुनिंदा संस्थाओं में शामिल है, जो विद्यावाचस्पति यानी डाक्टरेट की मानद उपाधि प्रदान करती है। अभिषेक को यह उपाधि हिंदी भाषा की सेवा, निष्पक्ष पत्रकारिता और साहित्यिक अभिव्यक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए दी गई। उपाधि मिलने के बाद नई दिल्ली में केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री तोखन लाल साहू, बस्तर सांसद महेश कश्यप और कांकेर सांसद भोजराज नाग ने उन्हें साल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। डॉ. अभिषेक बैनर्जी ने कहा, यह सम्मान मेरे लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और ज्ञान के प्रति मेरी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। उन्होंने कहा, यह उपाधि मेरी अब तक की यात्रा की स्वीकृति है। साथ ही यह प्रेरणा भी है कि मैं आगे भी हिंदी भाषा, भारतीय संस्कृति और मानवीय मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन में समर्पित रहूं। उन्होंने सभी शुभचिंतकों का आभार जताया।