फाजिल्का में गुरुवार को बंद घर में एक बुजुर्ग का शव मिला है। अबोहर में अनार गली निवासी 70 वर्षीय वृद्ध प्रेम धमीजा का शव उनके बंद घर में मिला। घर से आ रही बदबू के कारण पड़ोसियों को घटना का पता चला। सिटी वन पुलिस ने स्थानीय संस्था के सदस्यों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में भेजा। जानकारी के अनुसार, प्रेम धमीजा पहले गली नंबर 8 में किराए के मकान में रहते थे। पिछले दो सालों से वे अपने खरीदे हुए मकान में अकेले रह रहे थे। उनका भांजा जालंधर में रहता है। रविवार से प्रेम धमीजा का फोन नहीं लग रहा था। उनका भांजा लगातार फोन करता रहा। आज उसने अबोहर के अपने कुछ दोस्तों को फोन करके अपने मामा का हाल जानने को कहा। जब वे मौके पर पहुंचे तो मकान बंद था। इसी दौरान पड़ोसियों को घर से बदबू आने लगी। उन्होंने संस्था के सदस्यों को सूचित किया। सूचना मिलते ही संस्था के सदस्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने पड़ोस के घर से अंदर जाकर देखा तो पाया कि प्रेम धमीजा बेड के निकट मृत पड़े थे। उन्होंने घर का अंदर का दरवाजा खोला। पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकालकर अस्पताल की मॉर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम के लिए रखवाया गया। सूचना मिलते ही उनका भांजा जालंधर से अबोहर के लिए रवाना हो गया।