एमसीबी जिले के नगर निगम चिरमिरी में पीलिया के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिला अस्पताल में अब तक 40 से ज्यादा मरीज भर्ती हैं, जिनमें ज़्यादातर बच्चे हैं। इसके अलावा कई लोग प्राइवेट अस्पतालों और घरों में इलाज करा रहे हैं। इलाज करवा रहे परिजनों का आरोप है कि बरसात के दिनों में लगातार गंदा पानी सप्लाई किया जा रहा है, जिससे लोग बीमार पड़ रहे हैं। साथ ही वार्डों में साफ-सफाई की व्यवस्था भी बेहद खराब है। सबसे ज्यादा असर छोटी बाजार क्षेत्र में जानकारी के अनुसार, पूरे चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है, लेकिन सबसे ज्यादा प्रभावित छोटी बाजार इलाका है। यहां सैकड़ों लोग पीलिया से पीड़ित हैं और अलग-अलग अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। बच्चों की संख्या सबसे अधिक है। पानी उबालकर पिएं इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि गंदे पानी के कारण पीलिया फैल रहा है। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि वे पानी उबालकर पिएं, ताजा और गर्म भोजन करें और जहां तक हो सके, घर का बना खाना ही खाएं। साथ ही अपने आसपास सफाई का खास ध्यान रखें और गंदा पानी जमा न होने दें। पानी सप्लाई बाधित, इंटेकवेल को हुआ नुकसान 23 जुलाई को हुई भारी बारिश और हसदेव नदी में आई बाढ़ के कारण इंटेकवेल को गंभीर नुकसान पहुंचा। पाइपलाइन भी बह गई, जिससे पीएचई विभाग की पानी सप्लाई अभी तक पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई है। पानी की कमी के कारण अब लोग कोयला खदान से निकलने वाले पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं।


